केदारताल में लापता 8 ट्रैकर्स की तलाश जारी, बर्फ के नीचे दबा मिला टेंट, कपड़े और खाने का सामान

Summary :

उत्तराखंड के केदारताल क्षेत्र में लापता हुए 7 ट्रैकर्स और गाइड सिद्धार्थ राणा सहित कुल 9 लोगों की तलाश जारी है। सर्च टीम को लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर बर्फ के नीचे दबा हुआ एक टेंट मिला है, जिसमें कपड़े और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है, हालांकि अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

उत्तराखंड के केदारताल क्षेत्र में लापता हुए सात ट्रैकर्स और गाइड सिद्धार्थ राणा की तलाश की जा रही है। इस दौरान सर्च टीम को बर्फ के नीचे दबा हुआ एक टेंट मिला है। टेंट के अंदर से कपड़े, चप्पलें और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अधिकारियों ने बताया की ख़राब मौसम की वजह से सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया था, हालांकि, मंगलवार सुबह फिर से शुरू किया गया।

4,000 मीटर की ऊंचाई पर एक टेंट और कुछ सामान मिला

SDRF ने सोमवार शाम को बताया कि करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर एक टेंट और कुछ अन्य सामान मिला है। इसके बाद आज उस जगह से तीन किलोमीटर के दायरे में तलाशी ली गई। इसके बावजूद भी कोई सुराग नहीं मिला। पहाड़ों पर लगातर मौसम बिगड़ रहा है, भारी बर्फबारी और जीरो विजिबिलिटी की वजह से एसोसिएशन ने फिलहाल अपना सर्च अभियान रोक दिया है, हालांकि प्रशासन की टीम की तलाश जारी है।

केदारताल ट्रैक के लिए निकला था 13 लोगों का ग्रुप

जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रैकर और छह सहायक कर्मियों समेत 13 लोगों का एक ग्रुप केदारताल ट्रैक के लिए गया था। इस ग्रुप को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था, लेकिन ख़राब मौसम की वजह से वह नहीं लौट पाए। पहाड़ों पर ग्लेशियर और भारी बर्फबारी के चलते रास्ते बंद हो गए थे।

4 लोग सुरक्षित मिले

30 अक्टूबर को ट्रैकिंग एजेंसी से बात होने पर पता चला था कि सभी ‘कच्ची ढांग’ के पास सुरक्षित हैं और उन्हें मदद की जरूरत है। इसके बाद एजेंसी ने कुलियों और गाइड का एक दल उन्हें बचाने के लिए निकल पड़ा। रेंज अधिकारी के मुताबिक, इनमें से 4 लोग सुरक्षित मिल चुके हैं, लेकिन बाकी के लोग ‘भोजखड़क’ के आगे हिमस्खलन की वजह से फंसे हुए हैं। भारी बर्फबारी और रास्ता बंद होने की वजह से रेस्क्यू टीमों को उन तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।