भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मॉडल-एक्ट्रेस समरीन कौर इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने समरीन को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि वह नाम, शोहरत और पैसे के लिए अर्शदीप को डेट कर रही हैं। अब इन कमेंट पर समरीन ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए ट्रोलर्स को जवाब देते हुए सोशल मीडिया पर लड़कियों के प्रति लोगों की सोच पर सवाल उठाए हैं।
Samreen Kaur On Her Trollers: समरीन कौर ने ट्रोलर्स को क्या जवाब दिया?

समरीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि सोशल मीडिया पर लोगों का बिहेवियर काफी हिप्पोक्रिटीकल है। उनके मुताबिक, अगर कोई लड़की अपने रिश्ते को पर्सनल रखती है, तो लोग कहते हैं कि उसे अपने पार्टनर पर गर्व नहीं है। वहीं, अगर वह खुले तौर पर अपने प्यार का इजहार करती है, तो उस पर पॉपुलैरिटी हासिल करने के आरोप लगा दिए जाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई लड़की अपनी पसंद और शर्तों पर जिंदगी जीती है, तो उसे स्वार्थी कहा जाता है। वहीं, किसी से सच्चा प्यार करने पर भी लोग उसके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें बनाने लगते हैं। समरीन ने इस दोहरे रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आखिर हर सिचुएशन में महिलाओं को ही क्यों जज किया जाता है?
17 साल की उम्र से खुद उठा रही हूं अपना खर्च: समरीन

समरीन ने अपनी फाइनेंशियल इंडिपेंडेंसी का जिक्र करते हुए ट्रोलर्स को साफ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वह महज 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और तभी से अपने खर्चों की जिम्मेदारी खुद उठा रही हैं। समरीन के मुताबिक, वह अब तक 20 से ज्यादा देशों में ट्रेवल कर चुकी हैं और अपनी मेहनत से उन्होंने अपनी जिंदगी बनाई है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से वह बचपन से ही अपनी लाइफस्टाइल का खर्च उठाने में सक्षम रही हैं। ऐसे में उन्हें अपनी पर्सनल लाइफ या रिश्ते को लेकर किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है।
अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए उन्होंने अर्शदीप को अपनी जिंदगी का खास इंसान बताया। समरीन ने कहा कि अर्शदीप उन्हें पूरा करते हैं और उनके जैसा पार्टनर पाकर वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं। साथ ही उन्होंने ट्रोल करने वालों को सलाह दी कि अगर उन्हें उनकी पोस्ट पसंद नहीं आतीं, तो वे उनका सोशल मीडिया पेज देखना बंद कर सकते हैं।
अर्शदीप सिंह भी गर्लफ्रेंड के सपोर्ट में उतरे

समरीन की पोस्ट सामने आने के बाद अर्शदीप सिंह ने भी उनको खुलकर सपोर्ट किया। क्रिकेटर ने अपनी गर्लफ्रेंड की इंस्टाग्राम स्टोरी को री-शेयर करते हुए उनके लिए प्यार और गर्व जाहिर किया। अर्शदीप ने लिखा कि उन्हें समरीन पर गर्व है और वह बेहद मजबूत इंसान हैं।
उन्होंने ट्रोलर्स को दूसरों की जिंदगी में दखल देने के बजाय अपने काम से काम रखने की सलाह दी। अपने मैसेज में उन्होंने ‘जियो और जीने दो’ की बात कहते हुए इंटरनेट और दुनिया को बेहतर जगह बनाने की अपील भी की। अर्शदीप ने समरीन को साफ दिल और प्यार करने वाली इंसान बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी में ऐसा पार्टनर मिलने के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहिए।
जुलाई 2026 में किया था रिश्ते का खुलासा

बता दें कि अर्शदीप सिंह और समरीन कौर ने जुलाई 2026 में सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद से ही दोनों की जोड़ी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। हालांकि, अब समरीन को लेकर सोशल मीडिया पर हो रहे कमेंट के बीच अर्शदीप का उनके सपोर्ट में सामने आना चर्चा का विषय बन गया है। दोनों ने अपने पोस्ट के जरिए साफ कर दिया है कि वे अपने रिश्ते को लेकर किसी तरह की बेवजह के क्रिटीसीज़्म से इफेक्ट नहीं होना चाहते।


Download Android App
Download iOS App




