कोलकाता : पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष और पार्टी के सांसद दिलीप घोष ने रविवार को कहा कि पार्टी की नजर इस साल पश्चिम बंगाल में एक करोड़ सदस्य बनाने पर है।
उन्होंने कहा, ‘बीते साल हमने 42 लाख सदस्य बनाए थे। 2014 के लोकसभा चुनावों में पार्टी को 86 लाख वोट मिले थे। हाल में हुए आम चुनावों में हमें 2.30 करोड़ वोट मिले और इसमें से आधे को पार्टी सदस्य के रूप में सूचीबद्ध करना चाहिए।’
उन्होंने हावड़ा जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में कहा, ‘हम मौजूदा सदस्यों की सदस्यता का नवीनीकरण करेंगे और इस साल पश्चिम बंगाल में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को सदस्य बनाएंगे।’
पार्टी कार्यकर्ताओं से सदस्यों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया को तेज करने का आग्रह करते हुए घोष ने उन लोगों तक पहुंचने का आग्रह किया, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट नहीं दिया। सदस्य बनाने की प्रक्रिया छह जुलाई से शुरू होगी।
उन्होंने कहा, ‘अन्य राज्यों में सदस्यता में 20-30 फीसदी की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, लेकिन पश्चिम बंगाल इससे अलग है। इस राज्य पर पूरे देश का ध्यान केंद्रित है। हमें अपनी सदस्यता को दोगुना करना चाहिए।’
उन्होंने कहा कि पार्टी लोकप्रिय हो रही है, क्योंकि दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। घोष ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़काने व नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को नष्ट करने का आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App



