नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज (डब्ल्यूएमएस) विभाग के लिए अनुबंध के आधार पर निश्चित अवधि के लिए पेशेवरों के विभिन्न 837 पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों से आवेदन अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके मांगे हैं।
बीओबी की ओर से जारी 837 रिक्तियों में ग्रुप हेड – असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II के 8, हेड इन्वेस्टमेंट – असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II का 1, टेरिटरी हेड – असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट I के 35, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर – असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट I के 2 और सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर – डिप्टी मैनेजर के 791 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ मैनेजमेंट में 2 वर्ष का पूर्णकालिक पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा, एमबीए (फाइनेंस/मार्केटिंग/बैंकिंग) में होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, कैंडिडेट्स के पास निर्धारित पेशेवर प्रमाणपत्र और संबंधित क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 3 से 12 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
पदों के अनुसार, आवेदकों की न्यूनतम आयु 24 से 35 वर्षों के बीच और अधिकतम आयु 35 से 50 वर्षों के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच, ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट या चयन प्रक्रिया के अगले चरणों के लिए उपयुक्त समझे जाने वाले अन्य कोई भी टेस्ट, साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी बीओबी के वेतनमान नियमों के तहत होगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 850 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/ईएसएम/डीईएसएम और महिला उम्मीदवार के लिए 175 रुपए तय किया गया है।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि बीओबी की ओर से यह भर्ती अनुबंध के तहत शुरू में 5 वर्षों के लिए होगी, जिसे कर्मचारियों के संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर और बैंक की मर्जी से आगे और 5 वर्षों तक के लिए बढ़ाया जा सकता है।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



