Brian Green ने की विज्ञान और नवाचार के प्रति भारतीय छात्रों के जुनून की सराहना

Summary :

भारतीय छात्रों की ऊर्जा और जिज्ञासा से प्रभावित हुए Bryan Green

जाने-माने भौतिक विज्ञानी डॉ. ब्रायन ग्रीन ने रविवार को भारतीय छात्रों की विज्ञान और नवाचार के प्रति जुनून की प्रशंसा की और कहा कि उनकी महत्वाकांक्षा निश्चित रूप से दुन‍िया पर प्रभाव डालेगी।

डॉ. ब्रायन ग्रीन ने ताजमहल की अपनी यात्रा के दौरान कहा, “भारत में मैंने विज्ञान और नवाचार के प्रति जो जुनून देखा है, वह बेजोड़ है। यहां के छात्रों में ऊर्जा और जिज्ञासा वास्तव में प्रेरणादायक है।”

शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति भारत के विशिष्ट दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए उन्होंने भारतीय छात्रों के वैश्विक प्रभाव डालने के उत्साह और महत्वाकांक्षा पर जोर दिया।

ग्रीन के साथ ताज देखने गए नासा के पूर्व अंतरिक्ष यात्री माइक मैसिमिनो ने कहा, “अंतर‍िक्ष से देखने पर भारत बहुत सुंदर द‍िखाई देता है।”

अंतरिक्ष से देश का अवलोकन करने वाले मैसिमिनो ने भारत के सौंदर्य की प्रशंसा व्यक्त की और ताजमहल की असाधारण शिल्पकला की सराहना करते हुए इसे भारत की इंजीनियरिंग और डिजाइन की समृद्ध विरासत का प्रमाण बताया।

ग्रीन और मैसिमिनो वर्तमान में भारत की यात्रा पर हैं, और देश की समृद्ध वैज्ञानिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक विरासत में खुद को डुबो रहे हैं। ग्रीन, एक प्रसिद्ध सैद्धांतिक भौतिक विज्ञानी, लेखक और कोलंबिया विश्वविद्यालय में गणित और भौतिकी के प्रोफेसर हैं, उन्हें सुपरस्ट्रिंग सिद्धांत में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए जाना जाता है, जिसमें दर्पण समरूपता की सह-खोज और स्थानिक टोपोलॉजी परिवर्तन की खोज शामिल है।

नासा के दो अंतरिक्ष मिशनों के अनुभवी मैसिमिनो ने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है और वर्तमान में कोलंबिया विश्वविद्यालय में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। अंतरिक्ष से ट्वीट करने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अंतरिक्ष अन्वेषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, विशेष रूप से 2002 और 2009 में हबल स्पेस टेलीस्कोप सर्विसिंग मिशन में।

अपने पूरे करियर के दौरान, मैसिमिनो को कई नासा स्पेस फ़्लाइट मेडल, नासा डिस्टिंग्विश्ड सर्विस मेडल और अमेरिकन एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी के फ़्लाइट अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। वह वर्तमान में न्यूयॉर्क शहर में इंट्रेपिड सी, एयर एंड स्पेस म्यूज़ियम में अंतरिक्ष कार्यक्रमों के लिए वरिष्ठ सलाहकार के रूप में कार्य करते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.