भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस और सपा-बसपा गठबंधन पर सोमवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बुआ-भतीजे ने हमेशा गरीबों को ठगने का काम किया है। शाह ने चित्रकूट में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘एक तरफ देश में 55 साल का कांग्रेस का शासन और प्रदेश में अखिलेश और माया के 25 साल के शासन पर मोदी का पांच साल का शासन भारी पड़ता है। इन सबने मिलकर गरीबों को ठगने का काम किया है।’ शाह ने कहा, ‘बुआ-भतीजे ने हमेशा से गरीबों को ठगने का काम किया है। इसके बाद मोदी जी 2014 में प्रधानमंत्री बने और गरीबों के लिए बहुत काम किया।’
शाह ने कहा, ‘एक तरफ मोदी जी हैं, जिन्होंने 20 साल से एक भी छुट्टी नहीं ली है। दूसरी तरफ गठबंधन और महामिलावट के नेता राहुल गांधी हैं, जो थोड़ी-सी गर्मी बढ़ने पर छुट्टी लेकर चले जाते हैं और ऐसे जाते हैं कि मां भी ढूढ़ती रह जाती है कि बेटवा कहां गया।’ शाह ने कहा, ‘मोदी जी के नेतृत्व में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और देश विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ेगा। 2022 तक पूरे देश में बिजली, पानी, गैस सिलेंडर देने का मोदी सरकार का लक्ष्य है।’
भाजपा अध्यक्ष ने जनता से वादा किया कि किसानों को बिना ब्याज के ऋण दिया जाएगा, और साथ ही छोटे किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘आतंकियों को मोदी सरकार ने मुहतोड़ जवाब दिया है। पहले मौनी बाबा जवानों को यह छूट नहीं देते थे। अब सेना अपने तरीके से कार्य करने के लिए आजाद है।’
कश्मीर मुद्दे पर शाह ने कहा, ‘देश में भाजपा की सरकार नहीं भी होगी तो भी भाजपा के सभी कार्यकर्ता कभी कश्मीर को अलग नहीं होने देंगे। कश्मीर के लिए अपनी जान की बाजी लगाने से पीछे नहीं हटेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘पूरी दुनिया और देश में सब कुंभ का आनंद ले रहे थे, लेकिन प्रयागराज में दो काम हुए -एक तो कुंभ अच्छा हुआ, दूसरा 2400 करोड़ रुपये खर्च करके प्रयागराज का कायापलट करने का काम भाजपा की सरकार ने किया है। इस बार हुए कुम्भ में योगी आदित्यनाथ जी ने जो व्यवस्था की थी, उसके लिए मैं आज योगी को हृदय से साधुवाद देता हूं।’


Download Android App
Download iOS App



