सीबीएफसी को ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने की शिकायत: अश्लीलता पर सख्त कार्रवाई की मांग

Summary :

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के हालिया रिलीज गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ के खिलाफ एक गंभीर और तीखी शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने इस गाने को अत्यंत अश्लील, आपत्तिजनक और महिलाओं की गरिमा के प्रति घोर अपमानजनक करार दिया है। फिल्म में नोरा फतेही और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं, और गाना हिंदी तथा मूल कन्नड़ संस्करण दोनों में उपलब्ध है। शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल शालीनता की सभी स्वीकार्य सीमाओं को लांघते हैं और महिलाओं को मात्र वस्तु (ऑब्जेक्टिफिकेशन) के रूप में…

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के हालिया रिलीज गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ के खिलाफ एक गंभीर और तीखी शिकायत प्राप्त हुई है।

शिकायतकर्ता ने इस गाने को अत्यंत अश्लील, आपत्तिजनक और महिलाओं की गरिमा के प्रति घोर अपमानजनक करार दिया है। फिल्म में नोरा फतेही और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं, और गाना हिंदी तथा मूल कन्नड़ संस्करण दोनों में उपलब्ध है।

शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल शालीनता की सभी स्वीकार्य सीमाओं को लांघते हैं और महिलाओं को मात्र वस्तु (ऑब्जेक्टिफिकेशन) के रूप में प्रस्तुत करते हैं। यह सामग्री मनोरंजन के नाम पर समाज में महिलाओं के प्रति अपमानजनक और वस्तुकरण वाली सोच को बढ़ावा दे रही है।

शिकायतकर्ता ने चिंता जताई कि ऐसे गाने युवा दर्शकों के मन पर गहरा नकारात्मक प्रभाव डालते हैं, जिससे महिलाओं के प्रति अनादर और असम्मान की मानसिकता सामान्य हो रही है। यह भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों में गंभीर गिरावट का संकेत है। शिकायतकर्ता ने सीबीएफसी से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में जोर दिया गया है कि यह मामला केवल एक गाने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की गरिमा, सार्वजनिक नैतिकता और युवा पीढ़ी की सुरक्षा से जुड़ा एक व्यापक मुद्दा है। सीबीएफसी को, फिल्म सामग्री को विनियमित करने वाले वैधानिक प्राधिकरण के रूप में, ऐसी सामग्री को बिना उचित जांच के मंजूरी देने या प्रसार की अनुमति देने की जिम्मेदारी से बचना चाहिए।

शिकायतकर्ता ने उम्मीद जताई है कि सीबीएफसी इस मामले में तेजी से हस्तक्षेप करेगा और समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए एक मजबूत मिसाल कायम करेगा।

यह शिकायत ऐसे समय में आई है जब फिल्म ‘केडी : द डेविल’ के एक अन्य गाने पर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) दोनों सक्रिय हो चुके हैं।

–आईएएनएस

एससीएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.