नयी दिल्ली : सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को हटाए जाने को लेकर उठे विवादों के बीच कांग्रेस ने रविवार को मुख्य सतर्कता आयुक्त (सीवीसी) को तत्काल हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने सरकार के हाथों की “कठपुतली” की तरह काम किया। एआईसीसी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां कहा, “सीवीसी को बर्खास्त किया जाना चाहिए या इस्तीफा ले लेना चाहिए।” केंद्रीय सतर्कता आयोग या सरकार की तरफ से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि राफेल मामले में जांच से बचने के लिये सीवीसी के वी चौधरी से “कठपुतली की तरह काम” करवाया जा रहा है।
सिंघवी ने आरोप लगाया, “सीवीसी सरकार के दूत और संदेशवाहक की तरह काम कर रहे हैं और अस्थाना (सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना) के लिये लॉबिंग कर रहे हैं। सीवीसी यह भूल गए कि उन्हें लोकहित में सजगता दिखानी है न कि राजनीतिक आकाओं के हाथों की ‘सजग’ कठपुतली होना है।” उन्होंने कहा, “तथ्य और आंकड़े तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और यह कार्रवाई अनिवार्य रूप से सीवीसी को हटाने और उनकी बर्खास्तगी से शुरू होनी चाहिए।”


Download Android App
Download iOS App



