लेडी डॉक्टर रेप-मर्डर केस: कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला जूनियर डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और हत्या की सीबीआई जांच का आदेश दिया है। इस मामले की जांच के लिए सीबीआई की टीम बुधवार को कोलकाता पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम डॉक्टर से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की जांच करेगी। सात लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल आज कोलकाता पहुंचा है।
- कोर्ट ने महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार-हत्या की CBI जांच का आदेश दिया
- इस मामले की जांच के लिए सीबीआई की टीम बुधवार को कोलकाता पहुंच गई है
- सीबीआई की टीम डॉक्टर से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की जांच करेगी
टीम में फॉरेंसिक एक्सपर्ट-मेडिकल ऑफिसर शामिल
सूत्रों के मुताबिक, इस टीम में फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल ऑफिसर शामिल हैं। इससे पहले केस को टेकओवर करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। उसके बाद सीबीआई के अधिकारी आज आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचेंगे। दरअसल, कलकत्ता हाई कोर्ट ने मामले की जांच कर रही कोलकाता पुलिस की एसआईटी को निर्देश दिया कि वह सभी संबंधित दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्य तुरंत सीबीआई को सौंप दे। पुलिस द्वारा प्रस्तुत केस डायरी की जांच करते हुए कोर्ट ने पाया कि जांच की प्रगति संतोषजनक नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया
इससे पहले सोमवार को CBI ने कहा था कि अगर पुलिस रविवार तक केस नहीं सुलझा पाती है तो वो इसे सीबीआई को सौंप देगी। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपकर कलकत्ता हाईकोर्ट न्याय की प्रहरी के रूप में आगे आया है। बता दें कि पिछले दिनों कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल की महिला डॉक्टर रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई। वह अस्पताल में स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा थीं और चेस्ट मेडिसिन विभाग में हाउस स्टाफ के रूप में भी काम कर रही थीं। अस्पताल के कर्मचारियों ने अस्पताल की आपातकालीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर उनका शव देखा था। प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी से सीबीआई पूछताछ करेगी। महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या करने से एक से ज्यादा लोग इसमें शामिल होने की आशंका है। सीबीआई हर एंगल से पूरे मामले की जांच करेगी। हालांकि, गिरफ्तार आरोपी ना तो अस्पताल के स्टाफ से था, ना ही किसी मरीज का कोई रिश्तेदार था। वो कोलकाता पुलिस के लिए सिविक वांलटियर का काम करता था। वो इस मेडिकल कॉलेज में जब कोई पुलिसकर्मी भर्ती होता, तो वो उसकी दवाइयां लाने के लिए और उसकी दूसरी मदद के लिए सहायक के तौर पर मौजूद रहता था।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



