CGL Paper Leak: Jharkhand में 7 सुरक्षा बल जवानों समेत 8 गिरफ्तार

Summary :

DGP अनुराग गुप्ता के आदेश पर हुई गिरफ्तारियां

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के पेपर लीक विवाद से जुड़े मामले की जांच कर रही सीआईडी ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से सात लोग अलग-अलग सुरक्षा बलों के जवान हैं। ये गिरफ्तारियां झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता के आदेश पर हुई हैं। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें कुंदन कुमार, रोबिन कुमार, अखिलेश कुमार, गौरव कुमार, अभिलाष कुमार इंडिया रिजर्व बटालियन-8 के जवान हैं। इनके अलावा रामनिवास राय असम रायफल का जवान है, जबकि निवास कुमार राय होमगार्ड का जवान है। इस मामले में कविराज नामक एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

Jharkhand के गिरिडीह में शख्स ने तीन बच्चों की हत्या के बाद की खुदकुशी

अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि इस गिरोह का तथाकथित सरगना गोरखपुर का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी फिलहाल नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों में लगभग दो हजार पदों पर नियुक्ति के लिए जेएसएससी सीजीएल की यह परीक्षा 21-22 सितंबर, 2024 को राज्य में 823 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। परीक्षा में तीन लाख चार हजार 769 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

परीक्षा संपन्न होने के दूसरे दिन से ही अभ्यर्थियों ने पेपर लीक और प्रश्नपत्रों में पिछले वर्षों की रद्द परीक्षाओं के प्रश्न बड़ी संख्या में दोहराए जाने के आरोपों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। रांची और हजारीबाग सहित राज्य के कई शहरों में इसे लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किए थे।

पेपर में कथित गड़बड़ी और उम्मीदवारों के साथ धोखाधड़ी और दिग्भ्रमित करके प्रश्नपत्र देने के नाम पर धन उगाही का मामला सामने आया था। इसके बाद अपराध अनुसंधान विभाग थाना में कांड संख्या 01/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था। सीआईडी के अनुसंधान के दौरान पता चला कि परीक्षा के पूर्व ही एक गिरोह के सदस्यों द्वारा अभ्यर्थियों को सीजीएल पेपर के प्रश्न देने के नाम पर धन उगाही की गई है, जिससे आम लोगों में प्रश्न पत्र लीक होने की अफवाह घर कर गई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.