Champai Soren: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच रविवार को दिल्ली पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि उनके लिए सभी विकल्प खुले हुए हैं।
सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा लंबा चौड़ा पोस्ट
झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन ( Champai Soren ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक विस्तृत लेख लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि झारखंड का मुख्यमंत्री रहते हुए उनका अपमान किया गया। उन्होंने कहा, “झारखंड का बच्चा- बच्चा जनता है कि अपने कार्यकाल के दौरान, मैंने कभी भी, किसी के साथ ना गलत किया, ना होने दिया। इसी बीच, हूल दिवस के अगले दिन, मुझे पता चला कि अगले दो दिनों के मेरे सभी कार्यक्रमों को पार्टी नेतृत्व द्वारा स्थगित करवा दिया गया है। इसमें एक सार्वजनिक कार्यक्रम दुमका में था, जबकि दूसरा कार्यक्रम पीजीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण करने का था।”
सोरेन ने कहा, “पूछने पर पता चला कि गठबंधन द्वारा तीन जुलाई को विधायक दल की एक बैठक बुलाई गई है, तब तक आप मुख्यमंत्री के तौर पर किसी कार्यक्रम में नहीं जा सकते।” उन्होंने लिखा, “क्या लोकतंत्र में इससे अपमानजनक कुछ हो सकता है कि एक मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को कोई अन्य व्यक्ति रद्द करवा दे?” सोरेन ने कहा, “मुझे कभी भी सत्ता का लोभ रत्ती भर भी नहीं था, लेकिन आत्म-सम्मान पर लगी इस चोट को मैं किसे दिखाता? अपनों द्वारा दिए गए दर्द को कहां जाहिर करता?”
विधायक दल की बैठक का अधिकार मुख्यमंत्री करता है, लेकिन मुझे बैठक का एजेंडा तक नहीं बताया गया था- Champai Soren
उन्होंने कहा, “कहने को तो विधायक दल की बैठक बुलाने का अधिकार मुख्यमंत्री का होता है, लेकिन मुझे बैठक का एजेंडा तक नहीं बताया गया था। बैठक के दौरान मुझसे इस्तीफा मांगा गया। मैं आश्चर्यचकित था, लेकिन मुझे सत्ता का मोह नहीं था, इसलिए मैंने तुरंत इस्तीफा दे दिया, लेकिन आत्म-सम्मान पर लगी चोट से दिल भावुक था।” सोरेन ने कहा, “मुझे ऐसा लगा, मानो उस पार्टी में मेरा कोई वजूद ही नहीं है, कोई अस्तित्व ही नहीं है, जिस पार्टी के लिए हमने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। मैंने भारी मन से विधायक दल की उसी बैठक में कहा कि आज से मेरे जीवन का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।’’
चुनाव तक मेरे लिए सभी विकल्प खुले हुए हैं- Champai Soren
उन्होंने कहा, ‘‘आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव तक मेरे लिए सभी विकल्प खुले हुए हैं।’’ इससे पहले, दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद सोरेन ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के किसी नेता से मुलाकात नहीं की है और वह राष्ट्रीय राजधानी में एक ‘निजी’ यात्रा पर हैं। शुक्रवार को मीडिया में आईं कुछ खबरों में दावा किया गया कि झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले सोरेन भाजपा में शामिल हो सकते हैं। लेकिन सोरेन ने शनिवार को कहा था कि उन्हें अटकलों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘मुझे ऐसी अटकलों और खबरों के बारे में कुछ नहीं पता… मैं जहां हूं, वहीं हूं…।’’
जब भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी से सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। मुझे केवल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिल रही है।’’


Download Android App
Download iOS App



