चंदा कोचर को 10 जून को ईडी के समक्ष पेश होने का नोटिस

Summary :

ईडी ने आरोप लगाया है कि ICICI बैंक की प्रमुख होने के नाते चंदा कोचर ने अपने पति द्वारा संचालित नूपॉवर रिनेवेबल्स लिमिटेड को अवैध रूप से करोड़ों रुपये मुहैया कराए।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को 1,875 करोड़ रुपये के वीडियोकॉन ऋण मामले में आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व प्रबंध निदेशक और सीईओ चंदा कोचर को 10 जून को उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया है। 
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कोचर को एजेंसी के मध्य दिल्ली स्थित जामनगर कार्यालय में 10 जून को पूर्वाह्न् 10.30 बजे पेश होना है। वित्तीय जांच एजेंसी कोचर से पिछले महीने पांच बार पूछताछ कर चुकी है। मामला आईसीआईसीआई बैंक द्वारा 2009 और 2011 के बीच वीडियोकॉन समूह को 1,875 करोड़ रुपये के ऋण देने में कथित अनियमितता बरतने और भ्रष्ट आचरण से जुड़ा है। 
ईडी ने आरोप लगाया है कि आईसीआईसीआई बैंक की प्रमुख होने के नाते चंदा कोचर ने अपने पति द्वारा संचालित नूपॉवर रिनेवेबल्स लिमिटेड को अवैध रूप से करोड़ों रुपये मुहैया कराए। 

Desk Team