नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर छठ पर्व को लेकर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और टिकट काउंटर पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पूरी तरह अलर्ट पर है। मिनी कंट्रोल रूम से 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए स्टेशन के हर कोने की निगरानी की जा रही है।
आनंद विहार स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। आरपीएफ के जवान प्लेटफॉर्म पर लगातार यात्रियों को अनाउंसमेंट के जरिए शांति बनाए रखने और धक्का-मुक्की से बचने की अपील कर रहे हैं। यात्रियों को अपने मोबाइल, पर्स और कीमती सामान को संभालकर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही सामान की जांच के बाद बैगेज स्कैनर मशीन के सामने भीड़ न लगाने की अपील की जा रही है, ताकि अन्य यात्रियों को असुविधा न हो।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर संतोष जताया। एक यात्री ने कहा कि सुरक्षा सही है और रेलवे की तरफ से सुविधा अच्छी दी गई है। उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही है, बस भीड़ ज्यादा है। उन्होंने कहा कि ट्रेनें समय पर आ रही हैं, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा है कि ट्रेन में घुसना मुश्किल हो रहा है। कई यात्रियों को रिजर्वेशन नहीं मिल पाया, इसलिए वे जनरल कोच से यात्रा करने को मजबूर हैं।
बिहार जा रहे कन्हैया कुमार ने कहा कि वे छठ पूजा मनाने के लिए घर जा रहे हैं। आनंद विहार स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था उन्हें अच्छी लगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की व्यवस्था बढ़िया है और अभी किसी चीज की कोई तकलीफ नहीं है। सरकार और रेलवे द्वारा दी गई सभी सुविधाएं उन्हें मिल रही हैं। वे जनरल टिकट पर यात्रा कर रहे हैं।
वहीं, भागलपुर जा रही कल्पना देवी ने कहा कि वे छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आनंद विहार स्टेशन पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था सही मिली है और रेलवे प्रशासन द्वारा दी गई सुविधाएं भी सही हैं। उन्हें यात्रा में कोई दिक्कत नहीं हो रही है।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



