रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक के वाहन को विस्फोट कर उड़ा दिया है। इस घटना में विधायक भीमा मंडावी की मौत हो गई है तथा चार जवान शहीद हो गए हैं ।
राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आज यहां बताया, ‘‘जिले के कुआकोंडा क्षेत्र के श्यामगिरी के करीब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दंतेवाड़ा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक भीमा मंडावी के वाहन को उड़ा दिया ।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 91 सीटों पर थमा चुनाव प्रचार
इस घटना में मंडावी की मौत हो गई तथा चार जवान भी शहीद हो गए । नक्सलियों ने विस्फोट के बाद गोलीबारी भी की है।’’
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है, ‘‘भीमा मंडावी का काफिला आज बचेली से कुआकोंडा की ओर रवाना हुआ था। काफिला जब श्यामगिरी के करीब था तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसमें सवार पांच लोगों की मृत्यु हो गई।’’
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया है।
अमित शाह ने नक्सली हमले में पार्टी के एक विधायक की मृत्यु पर दुख जताया
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में पार्टी के एक विधायक की मृत्यु पर दुख जताया और कहा कि यह कायरतापूर्ण कृत्य पार्टी को नक्सलवाद से लड़ने की उसकी प्रतिबद्धता से डिगा नहीं सकता।
पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान से कुछ ही दिन पहले मंगलवार को दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों के हमले में भाजपा विधायक भीमा मंडावी और चार सुरक्षाकर्मी मारे गये।
हमले पर दुख प्रकट करते हुए शाह ने ट्वीट किया, ‘‘इस तरह का कायरतापूर्ण कृत्य भाजपा को नक्सलवाद से लड़ने की उसकी प्रतिबद्धता से डिगा नहीं सकता।’’ उन्होंने विधायक के शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
ओड़िशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ से सटे जिलों में जारी किया अलर्ट
ओडि़शा पुलिस ने दो बारूदी सुरंगें मिलने और छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हमले में एक भाजपा विधायक एवं चार सुरक्षाकर्मियों की मौत के बाद से उस राज्य से सटे जिलों में मंगलवार को अलर्ट जारी किया।
ग्यारह अप्रैल को पहले चरण में ओड़िशा की चार लोकसभा सीटों और 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान से महज 48 घंटे पहले गजपति जिले में पुलिस को दो बारूदी सुरंगें मिलीं।
ओड़िशा के पुलिस महानिदेशक बी के शर्मा ने सभी पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट रहने के लिए परामर्श जारी किया है और सुझाव दिया कि उम्मीदवार सूर्यास्त के बाद माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव प्रचार नहीं करें।
उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं से अपनी टूर योजना से स्थानीय पुलिस को वाकिफ कराने को भी कहा।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में एक विधायक समेत पांच लोगों की मौत के कुछ ही मिनट बाद ओड़िशा पुलिस ने परामर्श जारी किया।
शर्मा ने कहा, ‘‘हमने सभी मतदाताओं को जरूरी सुरक्षा प्रदान करने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय किये हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



