रायपुर, 6 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य, राजनीति और संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इबोला वायरस को लेकर प्रदेश की तैयारियों का ब्यौरा दिया। साथ ही, कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग एक महीने पहले ही सभी स्तरों पर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने बताया कि अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के मामले सामने आए हैं और वहां करीब ढाई से तीन सौ पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। दुर्ग में तीन विदेशी नागरिकों को एहतियातन 21 दिनों के लिए आइसोलेशन में रखा गया है। ये लोग कांगो, इथियोपिया, और एक अन्य अफ्रीकी देश से आए थे। अब तक की जांच में उनमें इबोला के किसी भी लक्षण की पुष्टि नहीं हुई है और न ही कोई संदिग्ध संकेत मिले हैं, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें निगरानी में रखा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा नेताओं को उनके सपने आते हैं, स्वास्थ्य मंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा बड़े सपने देखती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी विकसित भारत-2047, भारत को विश्वगुरु बनाने और गरीब कल्याण की योजनाओं के सपने देखती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभवतः भूपेश बघेल दिन में सपने देखते हैं, इसलिए उन्हें ऐसा महसूस होता है।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की कैबिनेट में विभागों को लेकर मंत्री के इस्तीफे के सवाल पर जायसवाल ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कुछ अन्य दलों की राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने तक सीमित है। उनके अनुसार इन दलों में न तो कोई स्पष्ट सिद्धांत है और न ही अनुशासन। यही कारण है कि मुख्यमंत्री, मंत्री पद या टिकट नहीं मिलने पर बगावत की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह संगठन का विषय है और इस संबंध में निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व छत्तीसगढ़ पर लगातार ध्यान दे रहा है और समय आने पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर जारी करने की योजना पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू होने से आम लोगों को राहत मिलेगी और सरकार के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा। कई बार ऐसी समस्याएं होती हैं जो मुख्यमंत्री तक नहीं पहुंच पातीं, लेकिन इस व्यवस्था के माध्यम से वे सीधे शासन तक पहुंच सकेंगी।
कांग्रेस के प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समय-समय पर पदयात्राएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। हालांकि उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस ने पदयात्राएं कीं, वहां बाद में राजनीतिक नुकसान भी देखने को मिला।
राष्ट्रीय दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि देश में समय-समय पर कई ऐसे राजनीतिक प्रयोग होते रहे हैं जो कुछ समय के लिए भ्रम पैदा कर सकते हैं, लेकिन उनका कोई स्थायी आधार नहीं होता। उन्होंने कहा कि जनता पूरी तरह जागरूक है और ऐसे संगठनों तथा उनके उद्देश्यों को अच्छी तरह समझती है।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



