अमरावती ( आंध्र प्रदेश ) : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उपवास की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री संसद के बजट सत्र में काम – काज नहीं होने के विरोध में ‘ दीक्षा ( उपवास )’ करके किसकी आंखों में धूल झोंक रहे हैं। उन्होंने कहा, “इतिहास में कभी ऐसा हुआ है जब एक प्रधानमंत्री ने दीक्षा ( उपवास ) रखा हो ? क्या यह आपकी अक्षमता नहीं है ?” वह मोदी और भाजपा सांसदों के एक दिन लंबे उपवास का हवाला दे रहे थे।
यहां मंगलगिरी में एक पुलिस तकनीक सेंटर का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से उन्होंने कहा , “ चार साल तक हम आंध्र प्रदेश से किए गए वादों को पूरा करवाने के लिए धैर्यपूर्वक इंतजार करते रहे लेकिन जब यह नहीं हुआ तो हम राजग सरकार से बाहर आ गए। ” उन्होंने कहा , “ बजट सत्र में मोदी कुछ नहीं कर पाए इसलिए अब वह हमारे खिलाफ उपवास कर रहे हैं। ” प्रधानमंत्री के खिलाफ चेन्नई में हुए विरोध प्रदर्शन के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा , ‘‘ हम भी वही करेंगे। हम और ज्यादा करेंगे लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह यहां आने की हिम्मत करेंगे। ” नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री चेन्नई इसलिए गए क्योंकि तमिलनाडु में उनकी ‘ कठपुतली सरकार ’ चल रही है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App


