लखनऊ, 7 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की ओर से एसआईआर पर सवाल उठाए जाने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में संभावित हार के डर से सवाल उठा रहे हैं। जनता जानती है कि इनकी जमीन अब खत्म हो चुकी है।
लखनऊ में शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह मामला भारत निर्वाचन आयोग से जुड़ा है। हमने आज भारत निर्वाचन आयोग का बयान देखा है। मैं राज्य की जनता से अपील करता हूं कि जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, वे यह सुनिश्चित करें कि उनके नाम मतदाता सूची में शामिल हो जाएं। सभी को आगे आकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए। अगर कोई मतदाता छूट गया है, तो उनकी चिंता जायज है। विपक्षी दल चुनाव हारने के डर से पहले से ही तरह-तरह की तैयारियां कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी का आधार खत्म हो चुका है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव तक, इन्हें कम से कम उन मतदाताओं को सामने लाना चाहिए, जिनके मत कटे हों। सपा और कांग्रेस के लोग ऐसी बयानबाजी इसीलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें चुनाव में संभावित हार नजर आ रही है।
अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि अयोध्या धाम 2017 से ही दुनिया के नक्शे पर लगातार चमक रहा है। इस बार भी, पिछले साल के मुकाबले और भी भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उपराष्ट्रपति वहां मौजूद रहेंगे और हम सभी पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। वहां सनातन संस्कृति का एक अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। मैं दीपोत्सव के अवसर पर राज्य की जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही, मैं दिवाली, भाई दूज और गोवर्धन पूजा के पावन पर्वों पर भी सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
बाराबंकी हादसे पर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ से बाराबंकी की ओर से आ रहे टैंकर और गोंडा की ओर से आ रही गाड़ी के नयागांव, मसौली स्थित दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों के घायल होने की घटना दुःखद है। मौके पर चिकित्साधिकारी व अन्य अधिकारियों ने घायलों की स्थिति के दृष्टिगत सभी घायलों को उपचार को जिला अस्पताल बाराबंकी भेज दिया है। सीएमओ बाराबंकी को सभी घायलों के समुचित उपचार व हरसंभव मदद किए जाने तथा मरीजों की स्थिति की निगरानी हेतु मेरे द्वारा निर्देश दिए गए हैं।
–आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



