श्रीनगर : कश्मीर के अनंतनाग एवं बारामुला जिलों में आज प्रदर्शनकारी छात्रों तथा सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग जिले के दूरू स्थित सरकारी उच्चतर माध्यमिक शाला के दर्जनों छात्रों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पिछले माह पुलवामा जिले में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों के कथित अत्याचार के खिलाफ था।
कुछ छात्रों ने वहां तैनात सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया जिसकी वजह से सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेडऩे के लिए बल प्रयोग किया। अधिकारी ने बताया कि अंतिम खबरें आने तक संघर्ष जारी था लेकिन अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने बताया कि ऐसी ही झड़पें बारामुला जिले के सोपोर शहर में हुईं जहां एक स्थानीय सरकारी उच्चतर माध्यमिक स्कूल के छात्रों ने प्रदर्शन किया।
अधिकारी के अनुसार, दोनों ही जगहों पर स्थिति नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बलों को भेजा गया है। पुलवामा में 15 अप्रैल को डिग्री कॉलेज पुलवामा के छात्रों के खिलाफ सुरक्षा बलों के कथित अत्याचार के खिलाफ छात्र प्रदर्शन कर रहे थे और फिर कश्मीर में अन्य जगहों पर भी ऐसे प्रदर्शन हुए।
ये छात्र पिछले एक माह में प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए छात्रों की रिहाई की भी मांग कर रहे थे। पुलिस ने सरकारी डिग्री कालेज, पुलवामा में छापा मारा जिसके बाद 17 अप्रैल को पूरे कश्मीर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। तब से प्रदर्शन का सिलसिला रूक रूक कर जारी है जिसके चलते प्रशासन ने पिछले माह एक सप्ताह से अधिक समय के उच्च शैक्षिक संस्थानों की कक्षाओं को निलंबित कर दिया था।
श्रीनगर में और घाटी में अन्य जगहों पर कई छात्रों को झड़पों के दौरान गिरफ्तार भी किया गया है।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



