नीट 2024 लीक मामले में संजीव मुखिया को क्लीन चिट, नहीं मिले कोई कानूनी सबूत

Summary :

नीट-यूजी 2024 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने संजीव मुखिया को क्लीन चिट दे दी है। जांच एजेंसी का कहना है कि गहन पड़ताल के बाद भी उसके खिलाफ कोई कानूनी सबूत नहीं मिला।

NEET-UG 2024 Leak Case: देश भर में चर्चित NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया को लेकर स्थिति साफ करते हुए उसे क्लीन चिट दे दी है। सीबीआई का कहना है कि महीनों चली गहन पड़ताल के बाद भी संजीव मुखिया के खिलाफ प्रश्नपत्र चोरी करने या उसे बांटने की साजिश में शामिल होने का कोई सबूत नहीं मिला।

सोशल मीडिया पर खबरों को बताया भ्रामक

इसके साथ ही जांच एजेंसी ने सोशल मीडिया पर चल रही उन तमाम बातों को पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन करार दिया है, जिनमें आरोप लगाया जा रहा था कि संजीव मुखिया को जानबूझकर बचाया जा रहा है।

सीबीआई के अनुसार, शुरुआत में बिहार पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की थी, तब संजीव मुखिया का नाम एफआईआर (FIR) में जोड़ा गया था। उसका पुराना रिकॉर्ड देखते हुए उस पर संदेह जताया गया था, क्योंकि वह पहले भी कई प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में आरोपी रह चुका था।

45 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

बाद में जब यह मामला सीबीआई को सौंपा गया, तो एजेंसी ने प्रश्नपत्र चोरी करने, उसे आगे पहुंचाने और उससे फायदा उठाने वाले पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की। इस मामले में अब तक 45 आरोपियों के खिलाफ पटना की अदालत में कई चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं।

जांच के दौरान संजीव मुखिया फरार था। बाद में बिहार पुलिस ने उसे अन्य मामलों में गिरफ्तार किया। चूंकि नीट एफआईआर में उसका नाम था, इसलिए सीबीआई ने उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई कानूनी सबूत नहीं मिला। यही वजह रही कि एजेंसी ने उसके खिलाफ चार्जशीट दायर नहीं की।

असली दोषियों की पहचान

जांच एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही इस केस में उसके खिलाफ साक्ष्य न मिले हों, लेकिन बिहार पुलिस की अन्य जांचों के चलते वह अभी भी न्यायिक हिरासत में ही है। सीबीआई का दावा है कि नीट-यूजी 2024 पेपर लीक की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो चुका है और सभी असली दोषियों की पहचान कर ली गई है।

यह भी पढ़ें – नीट पूरी तरह विफल हो चुका है, इसे खत्म करने का समय आ गया: एमके स्टालिन

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।