छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को दिल्ली दौरे पर हैं। यहां उनकी मुलाकात पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित दूसरे केंद्रीय मंत्रियों से होगी। इस दौरान वो राज्य को आर्थिक सहयोग देने की भी अपील कर सकते हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर में उन्होंने मीडिया को संबोधित किया। संबोधन में उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को दिल्ली दौरे पर हैं
- उनकी मुलाकात जेपी नड्डा सहित दूसरे केंद्रीय मंत्रियों से होगी
- इस दौरान वो राज्य को आर्थिक सहयोग देने की भी अपील कर सकते हैं
कई केंद्रीय मंत्रियों से करेंगे मुलाकात
उन्होंने कहा, “मैं और डिप्टी सीएम विजय शर्मा दिल्ली जा रहे हैं। यहां कई केंद्रीय मंत्रियों से हमारी मुलाकात होगी।” माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान वो मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा कर सकते हैं। CBI द्वारा की गई छापेमारी पर उन्होंने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि हमारी भाजपा की सरकार अगर प्रदेश में बनेगी तो सीबीआई से पीएससी घोटाला मामले की जांच कराएंगे, तो जांच प्रारंभ हो गई है।”
डोडा मुठभेड़ पर जाहिर की प्रतिक्रिया
डोडा मुठभेड़ को लेकर भी उनसे सवाल किया गया कि प्रधानमंत्री कहा करते थे कि हम आतंकियों को घर में घुसकर मारेंगे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से जिस तरह से हमारे जवान वीरगति को प्राप्त हो रहे हैं, उससे यह साफ जाहिर होता है कि सामरिक मोर्चे पर हम कहीं ना कहीं कमजोर हुए हैं। इस सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “पूरी दुनिया ने सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में इस बात को देखा है कि कैसे हमारे जवानों ने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा है।” इसी बीच जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच चार घंटे के भीतर दो बार गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले मंगलवार रात 10.45 बजे कलां भाटा में गोलीबारी की घटना हुई, इसके बाद देसा वन क्षेत्र में जारी आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान देर रात दो बजे पंचन भाटा के पास गोलीबारी हुई। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को यहीं पर सेना के चार जवान शहीद हो गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी की दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि आतंकवादी अंधेरे, दुर्गम इलाके और घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



