उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं बीजेपी के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने संभल हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है। अयोध्या में आज योगी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा का जिक्र किया। उन्होंने इसे संभल मामले से जोड़ते हुए कहा कि 500 साल पहले जो बाबर ने किया, वही आज बांग्लादेश और संभल में हो रहा है। तीनों मामलों की प्रकृति, तीनों के डीएनए एक जैसे हैं। इससे पहले सीएम योगी संभल में हिंसा करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दे चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में शामिल हुए थे।
एक भी उपद्रवी नहीं बचना चाहिए : सीएम
इस दौरान उन्होंने संभल हिंसा को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक भी उपद्रवी नहीं बचना चाहिए, जिन्होंने सार्वजनिक संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया है, उसे ठीक कराने का खर्च, उन उपद्रवियों से वसूला जाए।
34 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
संभल हिंसा के 34 आरोपी अरेस्ट हो चुके हैं। 400 उपद्रवियों की पहचान हो गई है। उनको पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। योगी ने सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के मुद्दे पर कहा कि हर किसी को समझना चाहिए कि सड़क सबके लिए हैं। निर्माण सामग्री रखने, निजी वाहन खड़ा करने, दुकान बनाने आदि के लिए सार्वजनिक स्थल का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा।
संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद
संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर वकील ने दावा किया था कि यहां मस्जिद से पहले मंदिर था। उसने कोर्ट में कहा है कि मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई गई। इस कारण उस जमीन पर हिंदू पक्ष का अधिकार है। स्थानीय अदालत ने सर्वे की अनुमति दी थी। इसके बाद शुरू हुए सर्वे के दूसरे दिन टीम मस्जिद पहुंची तो वहां मौजूद लोग नारेबाजी करने लगे। इस कारण प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों में झड़प हो गई। उक्त घटना में चार लोगों की मौत हो गई। तब से संभल में तनावपूर्ण माहौल है।


Download Android App
Download iOS App



