यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद में यूपी गेट से राजनगर एक्सटेंशन तक जाने वाली एलिवेटिड रोड का आज उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा 1700 करोड़ के विकास कार्यों का ऐलान करेंगे। सीएम योगी का कार्यक्रम शासन से जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लिया। इसे देश की सबसे लंबी एलिवेटिड सड़क कहा जा रहा है।
10.30 किलोमीटर लंबी यह एलिवेटिड सड़क यूपी गेट से सीधे राजनगर एक्सटेंशन को जोड़ेगी। इससे दिल्ली से मेरठ, मुरादनगर और मोदीनगर जाने वाले लोगों को काफी आसानी होगी। जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने बताया कि कविनगर रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा यूपी गेट से करहेड़ा तक बनी 6 लेन एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे।
इसके निर्माण पर 1248 करोड़ की लागत आई। बताया जा रहा है कि ये सिंगल पिलर पर बनने वाली देश की सबसे बड़ी एलिवेटेड सड़कों में से एक है। योगी के अलावा इस कार्यक्रम में गाजियाबाद के सांसद वीके सिंह, यूपी सरकार में मंत्री श्रीकांत शर्मा समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहेंगे।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



