Cold Wave Alert In India: उत्तर और मध्य भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। आज के मौसम की बात करें तो देश के उत्तरी और कुछ दक्षिणी हिस्सों में घना कोहरा और निचले इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में गंभीर शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावनाएं जताई हैं।
Delhi Cold Wave Alert: ठंड से ठिठुर रही दिल्ली

राजधानी दिल्ली में भीषण शीतलहर के बीच घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरा जारी रहने की संभावना है। दिल्ली में करीब 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं सर्दी का एहसास और बढ़ा सकती हैं। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिल्ली का औसत एक्यूआई 350 के पार रहा।
Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट
हिमचाल में शीतलहर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 16 से 21 जनवरी तक अधिकांश हिस्सों में वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। 19 और 20 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। 16 जनवरी को दिन में घना कोहरे व शीतलहर को लेकर चेतावनी दी है। वीरवार देर शाम शिंकुला दर्रे सहित लाहौल व मनाली की चोटियों में बर्फ गिरी।
Uttarakhand: शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गलन भरी ठंड हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही ऊंचाई वाली क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रिय रहने और बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर इसका आसार पड़ेगा। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने से शीत दिवस की स्थिति बने रहने का भी ऑरेंज अलर्ट है।
Jammu Kashmir: कश्मीर में 0 डिग्री सेल्सियस तापमान

कश्मीर घाटी में इन दिनों बहुत ठंड पड़ रही है। तापमान लगातार कम हो रहा है और शीतलहर का असर साफ दिख रहा है। शुक्रवार सुबह श्रीनगर में तापमान करीब 0 डिग्री सेल्सियस के आस-पास या उससे नीचे रहा। कई जगहों पर तापमान माइनस में चला गया। साथ ही सुबह के समय घना कोहरा रहने की वजह से दृश्यता भी काफी कम रही।
Cold Wave Warning: इन राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 2 दिनों तक ठंड का असर रहेगा। 16 और 17 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का दौर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: Madhya Pradesh: जल जीवन मिशन के तहत काम में लापरवाही बरतने पर 16 इंजीनियरों को नोटिस जारी






















