भोपाल : स्वामी विवेकानंद जयंती परपूरे मध्यप्रदेश में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। सभी जिलों में उत्साहपूर्वक स्कूली बच्चों, नागरिकों और सभी सम्प्रदायों के लोगों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार में भाग लेकर सूर्य की आराधना की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में भाग लिया।
स्वामी विवेकानन्द के जन्मदिन को प्रदेश में युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन सभी शिक्षण संस्थाओं में स्वामी जी के व्यक्तित्व और उनके वेदांत दर्शन की व्याख्याओं पर आधारित शैक्षणिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का साहित्य सकारात्मक कार्य करने की ऊर्जा और प्रेरणा देता है।
स्वामी विवेकानंद के विचारों का संदर्भ देते हुए श्री चौहान ने कहा कि स्वामीजी के विचार प्रेरणा के अनन्य स्त्रोत हैं। श्री चौहान ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन रहता है। भारत के ऋषियों मुनियों ने अपने वर्षों के संचित ज्ञान से योग का सबसे सरल व्यायाम सूर्य नमस्कार का आविष्कार कर हमें सौंपा है। उन्होने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे हर दिन सूर्य नमस्कार करें।
उन्होंने कहा कि विश्व के सभी देशों ने योग की शक्ति और महत्व को स्वीकार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से पूरे विश्व में 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, सांसद आलोक संजर, महापौर आलोक शर्मा, विधायक सुरेन्द, नाथ सिंह और बहुत से नागरिकों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार में भाग लिया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।