कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा नशेड़ी कहे जाने पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए हरियाणा के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया और स्वामी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की। मंगलवार को दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस जिला युवा उपाध्यक्ष रोहित दलाल के नेतृत्व में जुलाना पुलिस थाने पहुंचे और इस मामले में स्वामी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की।
थाना प्रभारी के मामला दर्ज करने से इंकार करने पर कार्यकर्ता बिफर गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। रोहित दलाल ने कहा कि इस तरह के अनाप शनाप ब्यानों से कांग्रेस की छवि खराब हो रही है और हर कार्यकर्ता अपने आप को अपमानित महसूस कर रहा है। दलाल ने कहा कि इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद उसकी प्रति जिला पुलिस अधीक्षक को सौंपकर स्वामी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करवाया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- विधायकों को पद छोड़ने के लिए बना रही है ‘दबाव’
उधर, भिवानी में,कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की मांग करते हुए एसपी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही अल्टीमेटम दिया कि एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। प्रदेश कांग्रेस सचिव अजीत फौगाट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता दादरी के लघु सचिवालय में पहुंचे और रोष जताया।
कांग्रेसियों ने एसपी मोहित हाण्डा को ज्ञापन सौंपते हुए स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। अजीत फौगाट ने कहा कि स्वामी का बयान लोगों को भड़काने वाला और राजनीतिक दलों के बीच वैमनस्य बढ़ाने वाला है। पुलिस अधीक्षक मोहित हाण्डा ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का पूरा भरोसा दिया।


Download Android App
Download iOS App



