कांग्रेस ने औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में गिरावट एवं खुदरा महंगाई दर में बढ़ोतरी को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और दावा किया कि इस सरकार ने युवाओं के भविष्य में अंधकार फैला दिया है तथा जनता इस ”निकम्मी सरकार” को बदलेगी।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ”मोदी जी, न नौकरियाँ, न रोज़गार, युवाओं के भविष्य में फैलाया अंधकार, ‘मेक इन इंडिया’ का किया बंटाधार! बोरिया बिस्तर बांधने को हो जाइये तैयार, इस बार जनता बदलेगी ये निकम्मी सरकार। वोट की चोट बताएगी,कि भाजपाई हैं जिम्मेवार।”
गौरतलब है कि औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) की वृद्धि दर जनवरी महीने में धीमी पड़ कर 1.7 प्रतिशत रह गई। विनिर्माण क्षेत्र, विशेष रूप से पूंजीगत सामान और उपभोक्ता सामान क्षेत्र के सुस्त प्रदर्शन की वजह से आईआईपी की वृद्धि दर कम हुई है। उधर, खाद्य पदार्थों की कीमतें अधिक होने की वजह से फरवरी में खुदरा महंगाई दर 2.57 फीसदी पर रही। यह चार महीने का उच्च स्तर है।


Download Android App
Download iOS App




