कांग्रेस ने शनिवार को फैसला किया कि वह रविवार को टेलीविजन पर चुनावी परिचर्चा में शामिल नहीं होगी, जब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देश में कोरोना वायरस की गंभीर स्थिति के मद्देनजर पार्टी के प्रवक्ता चुनाव परिणाम आने के बाद टेलीविजन पर होने वाली परिचर्चा हिस्सा नहीं लेंगे।
उल्लेखनीय है कि असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के विधानसभा चुनाव के परिणाम दो मई को घोषित होंगे। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘ऐसे समय में जब देश एक अभूतपूर्व संकट का सामना करना कर रहा है, जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार असफल हो गई है, हमें यह अस्वीकार्य है कि हम उन्हें जवाबदेह नहीं ठहरायें और इसके बजाय चुनावी जीत और हार पर चर्चा करें। कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं को चुनावी परिचर्चाओं से हटाने का फैसला किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया के मित्रों द्वारा कोई टिप्पणी मांगे जाने पर हम उपलब्ध रहेंगे। हो सकता है हम जीत जाएं, हो सकता है कि हम हार जाएं, लेकिन ऐसे समय में जब लोगों को ऑक्सीजन, अस्पतालों में बिस्तर, दवाओं, वेंटिलेटर की जरूरत है, हमारा कर्तव्य है कि हम उनके साथ खड़े रहें, उनकी मदद के लिए काम करें ।’’


Download Android App
Download iOS App



