तेलंगाना विधानसभा ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को ‘भारत रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करने का प्रस्ताव पारित किया है। तेलंगाना विधानसभा के इस प्रस्ताव के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता एम वीरप्पा मोइली ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी भारत रत्न दिए जाने की मांग कर दी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री, मोइली ने कहा कि राव निश्चित तौर पर सम्मान के हकदार हैं लेकिन आर्थिक मोर्चे पर मनमोहन सिंह का योगदान भी समान रूप से महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “जब उन्होंने (नरसिम्हा राव) प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी तो देश की अर्थव्यवस्था संकट में थी और देश की हालत खराब थी।”
मोइली ने कहा, “राव, मनमोहन सिंह के साथ मिलकर अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाए।” कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “यह श्रेय नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह दोनों को जाता है। यह अधिक उचित होगा कि दोनों को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।”
मोइली ने याद किया कि सिंह ने पीवी नरसिम्हा राव मंत्रिमंडल में वित्त मंत्री के तौर पर सेवा दी थी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा मनमोहन सिंह को न सिर्फ देश में बल्कि दुनिया के “सबसे प्रख्यात” अर्थशास्त्रियों में माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



