कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को आरोप लगाया कि ‘मैक्सिमम करप्शन’ के डीएनए से भरपूर कांग्रेस ‘मिनिमम इनकम’ का डायलॉग बोल रही है और जो पार्टी देश की ‘पॉवर्टी’ को ‘पॉलिटिकल प्रॉपर्टी’ समझती रही हो वह गरीबों को गरीबी से बाहर नहीं आने देगी।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबी और गरीबों का मजाक उड़ाने वाली पार्टी रही है, लेकिन उसे यह समझ लेना चाहिए कि ‘नारों का पहाड़, वोटों का जुगाड़’ नहीं हो सकता। नकवी ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस ने गरीबों का मजाक उड़ाया है। वहीँ,दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 5 वर्षों में गरीबों के हितों के लिए काम किया है; उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया है।
रामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सत्ता में आने पर नीति आयोग को भंग करने की बात करते हैं। जब कांग्रेस सरकार में थी तब संवैधानिक संस्थाओं का ‘आपराधिक दुरूपयोग’ करती थी और अब विपक्ष में संवैधानिक संस्थाओं को धमकाने-बदनाम करने की साजिश कर रही है।
उत्तरप्रदेश में विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा-बसपा उत्तर प्रदेश में ‘गुनाहों के गठबंधन की प्रयोगशाला’ बनाना चाहते हैं। नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा में कांग्रेस-सपा गठबंधन में ‘फेल’ लोग अब सपा-बसपा का ‘एसिड टेस्ट’ कर रहे हैं, जबकि इनकी ना ‘केमिस्ट्री मिलती है न फिजिक्स’। इस गठबंधन का प्रयोग भी विफल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तथाकथित महागठबंधन, देश में ‘कॉन्ट्रैक्ट प्राइम मिनिस्टर’ चाहता है ‘परफेक्ट प्राइम मिनिस्टर’ नहीं ताकि उसे रिमोट से चला सके ।


Download Android App
Download iOS App




