कांग्रेस नेता विजया शांति का विवादित बयान, कहा- आतंकी जैसे दिखते हैं PM मोदी

Summary :

विजया शांति ने कहा, आज भाजपा से हर कोई डरा हुआ है, वे डरे हुए हैं कि आतंकवादी की तरह मोदी जी पता नहीं कब कौन सा बम फोड़ देंगे।

कांग्रेस नेता विजया शांति ने परोक्ष रूप से नोटबंदी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह एक तानाशाह की तरह शासन कर रहे हैं जिससे लोगों में डर समा गया है कि ”पता नहीं वह कब कौन सा बम फोड़ देंगे।” कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक को संबोधित करते हुए विजया शांति ने कहा कि आगामी चुनाव नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच का मुकाबला है।

modi

पूर्व सांसद ने कहा कि राहुल लोकतंत्रिक व्यवस्था के लिए लड़ रहे हैं जबकि मोदी एक तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं जिनके कार्यकाल में लोकतंत्र की हत्या कर दी गई और लोगों को परेशान किया गया। उन्होंने तेलगू में कहा, ”वह अगले पांच साल में उसी तरह शासन करना चाहते हैं लेकिन लोग उन्हें अवसर नहीं देंगे।”

अदाकारा रह चुकीं विजया शांति ने कहा, ”आज भाजपा से हर कोई डरा हुआ है, वे डरे हुए हैं कि आतंकवादी की तरह मोदी जी पता नहीं कब कौन सा बम फोड़ देंगे।” उन्होंने कहा, ”लोगों की दुआएं लेने की जगह (वह) लोगों को डरा रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह लक्ष्य नहीं होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि चाहे नोटबंदी हो या जीएसटी लागू करना, बैंकों में रखा काला धन और पुलवामा आतंकी हमला, सभी मुद्दे पर वह लोगों को डरा रहे हैं।

Desk Team