कांग्रेस नेताओं की सोनिया गांधी से अपील, कहा- करती रहें नेतृत्व

Summary :

सोनिया गांधी के खिलाफ तमाम झूठी अफवाहों के बावजूद उन्होंने 2004 में कांग्रेस पार्टी की जीत का नेतृत्व किया और अटल बिहारी वाजपेयी को घर पर बैठाया।

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की सोमवार को एक अहम बैठक हो रही है जिसमें पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक से पहले कांग्रेस के चार मुख्यमंत्रियों और कई राज्यों के प्रमुखों ने गांधी परिवार को अपना समर्थन दिया है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी को कांग्रेस का नेतृत्व करते रहना चाहिए।

कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से देर रात कहा है ”मुझे इंदिरा गांधी जी , संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ काम करने का सौभाग्य मिला है। मुझे लगभग 40 वर्षों तक, लंबे समय के रूप में संसद सदस्य के रूप में कांग्रेस पार्टी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है।”

कमलनाथ ने आगे लिखा है ‘‘मैं कई वर्षों तक अ.भा.कांग्रेस पार्टी का महासचिव भी रहा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सोनिया गांधी के खिलाफ तमाम झूठी अफवाहों के बावजूद उन्होंने 2004 में कांग्रेस पार्टी की जीत का नेतृत्व किया और अटल बिहारी वाजपेयी को घर पर बैठाया। श्रीमती सोनिया गांधी के नेतृत्व पर कोई भी सुझाव या आक्षेप बेतुका है। मैं सोनिया गांधी से अपील करता हूं कि वे अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करें और कांग्रेस का नेतृत्व करती रहें।’

वहीं दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि “सोनिया गांधी का नेतृत्व सर्वमान्य है। यदि सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ना ही चाहती हैं तो राहुल गांधी को अपनी जिद छोड़कर अध्यक्ष का पद स्वीकार कर लेना चाहिए। देश का आम कांग्रेस कार्यकर्ता और किसी को स्वीकार नहीं करेगा।”

उन्होंने कहा कि “यह समय कांग्रेस को एक मत होने का है। मत भिन्नता का नहीं। जिस परिवार ने देश की आज़ादी और उसके बाद जो देश के लिए त्याग और बलिदान किया है वह सर्व विदित है। मीडिया में जो कुछ आ रहा है मैं उस से सहमत नहीं हूं। नेहरू-गांधी परिवार के बिना कांग्रेस की मैं कल्पना भी नहीं कर सकता।”

Desk Team