कांग्रेस मुस्लिम वोटों के लिए डेमोग्राफी बिगाड़ने की साजिश में शामिल : संजय निरुपम

Summary :

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। शिवसेना नेता और प्रवक्ता संजय निरुपम ने हाल के विधानसभा चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि असम में भाजपा की भारी जीत का मुख्य कारण घुसपैठ था। उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी वर्षों से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बढ़ावा दे रही थी। निरुपम ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “असम में मुख्य मुद्दा घुसपैठ है, विशेष रूप से बांग्लादेश से लोगों की घुसपैठ। इसके कारण पूरे क्षेत्र का जनसांख्यिकीय संतुलन बदल रहा था। कांग्रेस पार्टी वर्षों से इसे तमाशे की तरह देखती रही। कुछ मुस्लिम वोटों की खातिर वह…

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। शिवसेना नेता और प्रवक्ता संजय निरुपम ने हाल के विधानसभा चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि असम में भाजपा की भारी जीत का मुख्य कारण घुसपैठ था। उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी वर्षों से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बढ़ावा दे रही थी।

निरुपम ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “असम में मुख्य मुद्दा घुसपैठ है, विशेष रूप से बांग्लादेश से लोगों की घुसपैठ। इसके कारण पूरे क्षेत्र का जनसांख्यिकीय संतुलन बदल रहा था। कांग्रेस पार्टी वर्षों से इसे तमाशे की तरह देखती रही। कुछ मुस्लिम वोटों की खातिर वह इन मुद्दों पर लगातार समझौता करती रही। इसके जवाब में असम के लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और हिंदू समुदाय एकजुट हो गया।”

उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि हर चुनावी हार के बाद राहुल गांधी या ममता बनर्जी जैसे नेता बिना सबूत के वोट चोरी और धांधली के आरोप लगाते हैं। निरुपम बोले, “असल में देश की सोच बदल रही है। लोग ‘धर्मनिरपेक्ष राजनीति’ के नाम पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण और बहुसंख्यक समुदाय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से ऊब चुके हैं।”

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए संजय निरुपम ने ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध और शांति प्रयासों को लेकर बहुत चर्चा हो रही है, लेकिन सच क्या है? कभी-कभी लगता है कि खुद ट्रंप को भी पूरी जानकारी नहीं है। सुबह शांति की बात करते हैं और शाम को बमबारी की धमकी देते हैं। हाल ही में उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में सात ईरानी नावें नष्ट करने का दावा किया है, जो हमारे तेलवाहक जहाजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रास्ता है।”

निरुपम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि हाल के चुनाव नतीजे पीएम मोदी के बढ़ते समर्थन को दर्शाते हैं। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय से अपील की कि वे मुख्यधारा में शामिल हों और विकास की राजनीति को अपनाएं।

शिवसेना नेता ने कहा कि कांग्रेस को अब अपनी नीतियों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से एकजुट होने की बजाय आत्मचिंतन करने की सलाह दी।

–आईएएनएस

एससीएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.