कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए रविवार को ‘अब होगा न्याय’ के नारे के साथ अपना देशव्यापी प्रचार अभियान आरंभ किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के साथ न्यूनतम आय योजना (न्याय) पर खुली बहस करने की चुनौती दी जिसे सारा देश देखे और सुने। कांग्रेस के बुजुर्ग नेता मोतीलाल वोरा, राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता आनंद शर्मा और पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी का प्रचार अभियान आरंभ किया।
इस मौके पर आनंद शर्मा ने कहा कि देश में इस समय हताशा एवं निराशा का वातावरण है। अच्छे दिन का वादा करने वालों ने देश को बहुत खराब दिन दिखायें हैं। समाज के बहुत बड़े वर्ग के साथ अन्याय हुआ है। आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रचार अभियान ‘‘न्याय’’ के ईद गिर्द केन्द्रित होगा। यह शब्द न केवल पार्टी की प्रस्तावित न्यूनतम आय गारंटी योजना को रेखांकित करता है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को न्याय प्रदान करने की बात भी करता है।
उन्होंने बताया कि इसका थीम सॉन्ग जावेद अख्तर ने लिखा है और निखिल आडवाणी ने इसके वीडियो का निर्देशन किया है। शर्मा ने बताया कि अभियान के पीछे ‘परसेप्ट एज़’ मुख्य एजेंसी है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े-बडे़ कंटेनर ट्रक पर स्क्रीन लगाकर यह वीडियो दिखाई जाएगी।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रचार अभियान लोगों की भावनाओं और राष्ट्र की प्राथमिकताओं पर आधारित होगा। आज देश में नौजवान रोजगार की, महिलाएं सुरक्षा की, किसान बेहतर दाम की चाह में न्याय की पुकार कर रहा है। देश को काम, दाम, सम्मान और न्याय की जरूरत है। सरकार ने वादाखिलाफी की है। प्रधानमंत्री आज भी खोखले दावे करके विपक्ष को बदनाम कर रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि 2014 में जो कहा था, उन वादों का क्या हुआ। आज जो हालात खराब हैं, उसकी जिम्मेदारी किसकी है।
सुरजेवाला ने भाजपा के राष्ट्रवाद के नारे से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रवाद प्रधानमंत्री मोदी या भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जागीर नहीं है। कांग्रेस ने राष्ट्र के निर्माण के लिए बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आतंकवाद से मुकाबला किया है और अपने दो शीर्ष नेताओं का बलिदान दिया है और देश की एकता अखंडता बनाये रखी है। देश में परमाणु विस्फोट 1974 में हुआ था। 1975 में आर्यभट्ट को प्रक्षेपित किया जा चुका था। 1971 में जब देश में एक करोड़ शरणार्थी आ गये तो सेना ने युद्ध लड़कर बंगलादेश बनवा दिया लेकिन इंदिरा गांधी ने कभी श्रेय नहीं लिया। प्रधानमंत्री को सलाह है कि वह असली मुद्दों पर बात करें।
उन्होंने कहा कि मोदी प्रधानमंत्री नहीं हैं, वास्तव में वह प्रचार मंत्री एवं परिधान मंत्री हैं। मोदी द्वारा न्याय योजना की आलोचना के बारे में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री घबरा गये हैं। उन्होंने कांग्रेस का घोषणा पत्र पढ़ा नहीं है। उनमें बात करने की शालीनता तक नहीं है। कांग्रेस ने जो भी वादा किया है, उसे निभाया है। हम जनता की जरूरत को समझते हैं। मोदी जनता की गरीबी का मजाक उड़ा रहे हैं। वह सत्ता के अहंकार में इतना डूब गये हैं कि 25 करोड़ गरीबों का अपमान कर रहें हैं। हर गरीब घर की गृहिणी के खाते में साल में 72 हजार रुपए जाएंगे, इससे उन्हें नफरत क्यों हो रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि वह मोदी को चुनौती देते हैं कि एक तरफ कांग्रेस, दूसरी और देश के गरीब और तीसरी तरफ स्वयं मोदी आ जायें और न्याय योजना पर सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने खुली बहस करें। बहस करने के लिए वह खुद आयें, अपने ‘बोगस ब्लॉग मंत्री’ को ना भेजें। कांग्रेस के प्रचार अभियान के बारे में शर्मा ने बताया कि पार्टी देश के कोने कोने में कंटेनर ट्रकों को भेजेगी जिसके दोनों ओर कांग्रेस के प्रचार वाले होर्डिंग पेंट होंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया, पारंपरिक मीडिया के हर प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार प्रचार का थीम स्लोगन है -अब होगा न्याय। इससे जोड़ कर युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा, व्यापारियों को सरल जीएसटी, किसानों का कल्याण आदि विषयों पर पोस्टर आदि प्रचार सामग्री तैयार की गई है। एक सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, प्रचार के संसाधन के मामले में भारतीय जनता पार्टी के करीब 30 हजार करोड़ रुपए के खर्च वाले महंगे प्रचार का मुकाबला नहीं कर पाएगी लेकिन उसके वादों एवं नारों में सच्चाई है और इसी से वह भाजपा के प्रचार को मात दे पायेगी।