कांग्रेस ने रुपये में गिरावट और आर्थिक सुस्ती को लेकर व्यंग्य भरे सिलसिलेवार ट्वीट के जरिए गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
इससे पहले कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था संभालने के तरीके और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा सरकार को 1.76 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जाने को लेकर सरकार की आलोचना की थी।
कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट के जरिए कहा, ‘इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च (फिच ग्रुप) ने वित्त वर्ष 2020 के लिए भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) दर 7.3 फीसदी से घटाकर 6.7 फीसदी कर दी है। उसका अनुमान है कि वित्त वर्ष 2020 में लगातार तीसरे साल आर्थिक विकास दर मंद रहेगी।’
कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से किए गए एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘आरबीआई को लूटने के बाद यह सरकार जो कर सकती है वह यह है कि करदाताओं को सूचित करे कि उनके पैसे का इस्तेमाल कैसे किया जाएगा। लेकिन, दुर्भाग्य से भाजपा को पारदर्शी बनने के लिए पूछना वैसा ही है जैसा कि भाजपा को अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कहना-असंभव।’


Download Android App
Download iOS App



