पोंजी घोटाला मामले में CBI ने ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन को किया आरोपित

Summary :

सीबीआई ने ओड़िशा क्रिकेट एसोसिएशन और इसके पूर्व मानद सचिव आसीरबाद बेहरा को पोंजी घोटाला की जांच के सिलसिले में आरोपित किया है

सीबीआई ने ओड़िशा क्रिकेट एसोसिएशन और इसके पूर्व मानद सचिव आसीरबाद बेहरा को पोंजी घोटाला की जांच के सिलसिले में आरोपित किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घोटाला अर्थ तत्व समूह से जुड़ा हुआ है। 
एजेंसी ने सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष बेहरा, होटल सोलन इन के कमलकांत दास और एक अन्य व्यक्ति संबित कुमार खुंटिया के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया है। उन्होंने बताया कि आरोप पत्र में एसोसिएशन को भी नामित किया गया है। 
एजेंसी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन मानद सचिव बेहरा ने एसोसिएशन के माध्यम से अर्थ तत्व समूह के साथ आपराधिक षड्यंत्र के तहत काम किया और लोगों की नजर में इसकी विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए इसे बढ़ावा दिया। 
इसने अर्थ तत्व समूह द्वारा चलाए गए विभिन्न पोंजी योजनाओं में और अधिक निवेश आकर्षित किया। 
यह आरोप है कि आरोपी को एक करोड़ रुपये (करीब) की राशि ओडिशा रणजी क्रिकेट टीम के स्पांसरशिप और ओडिशा प्रीमियर लीग, 2011 की आड़ में उक्त समूह से प्राप्त हुई। 
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह भी आरोप लगाया गया कि एक होटल के प्रतिनिधियों ने अन्य सह आरोपियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र के तहत उक्त कंपनी समूहों (अर्थ तत्व) की बालेश्वर और भुवनेश्वर में अचल संपत्तियों के गबन में सक्रिय रूप से शामिल रहे।’’ 
यह आरोप लगाया गया कि ऐसा कर उक्त संपत्तियों के गबन में वह सहयोगी बने जिन्हें समूह के धन से खरीदा गया। 

Shera Rajput