कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर को पार्टी से निलंबित किये जाने के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उसके नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते रहते हैं और यदि उनमें भी नैतिक साहस है तो इसके लिए वह खुद राजनीति से संन्यास लेकर दिखायें।
कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने यहां पार्टी मुख्यालय में विशेष संवाददाता सम्मेलन मे पत्रकारों के सवालों पर कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के खिलाफ कार्रवाई करके यह साफ कर दिया है कि आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने वालों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और उसके अन्य नेता कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ लगातार अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोदी के शह पाकर उनके अन्य नेताओं के भी बोल बिगड़े हुए हैं। उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। मोदी में भी यदि गांधी की तरह नैतिक साहस है
तो वह इसतरह की भाषा का इस्तेमाल करने के लिए खुद राजनीति से संन्यास लेकर दिखायें। प्रवक्ता ने याद दिलाया कि मोदी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए ‘जर्सी गाय’ गांधी के लिए‘ हाइब्रिड बछड़‘, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए‘देहाती औरत’और पार्टी नेता शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर के लिए‘50 करोड़ रूपये की गर्ल फ्रेंड‘ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि शाह तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को ‘चतुर बनिया’ तक कह चुके हैं। भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने भी कांग्रेस उपाध्यक्ष के खिलाफ बहुत ही आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उसके कुछ अन्य नेता भी अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करते रहते हैं लेकिन भाजपा ने किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है।


Download Android App
Download iOS App



