ED की कार्रवाई के खिलाफ 11 मार्च को Congress का पुतला दहन

Summary :

ED की रेड के विरोध में 11 मार्च को कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ईडी की‌ रेड के विरोध में 11 मार्च (मंगलवार) को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। इस दौरान केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों का पुतला दहन भी किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बताया गया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निवास सहित विभिन्न स्थानों पर 10 मार्च काे छापेमारी की गई। ईडी की इस कार्रवाई के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार 11 मार्च को प्रदेश के जिला स्तर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) व केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जाएगा।

ED की पूछताछ के बाद Bhupesh Baghel ने किए 33 लाख रुपये और दस्तावेज जब्ती के खुलासे

ईडी की छापेमारी के बाद भूपेश बघेल ने आवास के बाहर जुटे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का समर्थन करने के लिए धन्यवाद किया। बघेल ने कहा कि जिस तरह से इस संकट के समय में आप मेरे साथ खड़े रहे हैं, मैं इसके लिए आपका तहे दिल से आभार जताना चाहता हूं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भूपेश बघेल ने पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “ईडी घर से चली गई है। मेरे घर में उनको तीन चीजें मिली हैं। मंतूराम और डॉ. पुनीत गुप्ता (डॉ. रमन सिंह जी के दामाद) के बीच करोड़ों के लेनदेन की बातचीत की पेनड्राइव। डॉ. रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह की सेल कंपनी के कागज। पूरे संयुक्त परिवार में खेती, डेयरी, स्त्रीधन, “कैश इन हैंड” मिलाकर लगभग 33 लाख रुपये, जिनका हिसाब उनको दिया जाएगा, मुख्य बात यह है कि ईडी के अधिकारी कोई ईसीआईआर नंबर नहीं दे पाए हैं।”

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के भिलाई के पदुम नगर इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के आवास पर छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा राज्य भर में करीब 14 स्थानों पर छापेमारी की, इनमें से कुछ चैतन्य बघेल से जुड़े हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.