कांग्रेस ने खोया जनता का भरोसा

Summary :

NULL

 मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेताओं के जीत के दावे पर चुटकी लेते हुए भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा है कि कांग्रेस ने गरीबों, किसानों और मजदूरों के नेता के रूप में कारोबारी कमलनाथ और महलों के राजा ज्योतिरादित्य सिंधिया को उतार कर जनता का भरोसा पूरी तरह खो दिया है।

झा ने कहा कि अब कांग्रेस के नेताओं को कहना होगा कि हमारे किसानों, गरीबों और मजदूरों के नेताओं का नाम कारोबारी कमलनाथ और महलों के राजा ज्योतिरादित्य सिंधिया है। क्या कांग्रेस कह पायेगी? उन्होंने दावा किया कि जनता कह रही है कि कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया तो अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों के नेता रहे हैं । इन दोनों ने तो अपने प्रांत के दस-पन्द्रह जिलों का भी ठीक ढंग से दौरा नहीं किया है ।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने से कहा कि कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस की सरकार लाकर गरीबी दूर करने का दावा कर रहे हैं इससे बड़ा गरीबों का मजाक और क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दशा और दिशा क्या है, इससे यह पूरी तरह से स्पष्ट हो जाता है। कांग्रेस जनता का भरोसा खो चुकी है।

प्रभात झा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने गांव, गरीब, मजदूरों और महिलाओं की पूरी चिंता की है और इस उद्देश्य से अनेक योजनाओं पर अमल किया गया है। इनमें बालिकाओं के लिये शुरू की गई लाडली लक्ष्मी योजना का देश के अनेक प्रदेशें में अनुसरण किया गया है । उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में असंगठित मजदूरों और किसानों के भविष्य की चिंता की जा रही है और इनके कल्याण की योजनाएं लागू की गई हैं ।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने हाल ही में राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से तंग आ गई है। कमलनाथ ने दावा किया था कि इस साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा को मुंह की खानी पडे़गी और कांग्रेस सत्ता में लौटेगी।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

Desk Team