रायपुर: छत्तीसगढ़ में चुनावी मिशन पर कांग्रेस ने युद्ध स्तरीय तैयारियां तेज कर दी है। संगठन का जमीनी काडर तैयार करने के साथ अब नए सिरे से कवायदों ने जोर पकड़ा हुआ है। वहीं भाजपा के मिशन 65 के जवाब में कांग्रेस ने सभी 90 सीटों पर जीत के लिए प्रयास शुरू करने के दावे किए हैं। मिशन 65 के भाजपाई दावों को खारिज कर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया ने साफ कर दिया कि कांग्रेस सभी सीटों को महत्वपूर्ण मानते हुए अपनी रणनीति तय करेगी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए सत्ताधारी दल से पूछा कि उन्हें यह भी खुलासा करना चाहिए कि भाजपा कौन-कौन सी 25 सीटें हार रही है। भाजपा ने चुनाव से पहले ही 25 सीटों पर हार मान ली है।
वहीं केवल 65 सीटों को ही लक्ष्य बनाया है। प्रदेश के प्रभारी पीएल पुनिया ने दावा किया कि कांग्रेस राज्य में जीत की क्षमता वाले सभी दावेदारों का आंकलन कर उन्हें मैदान में उतारेगी। उन्होंने राज्य की रमन सरकार को देश के भाजपा शासित राज्यों की सबसे भ्रष्टतम सरकार करार दे दिया। उन्होंने आरोप लगाए कि राज्य में सीएम से लेकर पूरा मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी।
वहीं राज्य में किसानों की आत्महत्या और गौहत्याओं के मुद्दे पर चुनाव में भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। पूनिया ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन मजबूती से मोर्चे पर लड़ रही है। वहीं राज्य के कांगे्रस नेताओं में किसी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने सभी नेताओं ने बात कर उनका मानस टटोला है। सभी ने राज्य में एकजुट होकर कांग्रेस की सरकार बनाने पर जोर दिया है। पूनिया ने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा मजबूत स्थिति में है। राज्य में कांग्रेस में रहकर भीतरघात करने वाले पार्टी से बाहर जा चुके हैं। वहीं राज्य की जनता भी अब बदलाव का मन बना चुकी है। ऐसी स्थिति में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



