देश में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 66 हजार के करीब, अब तक 4706 लोगों ने गंवाई जान

Summary :

भारत में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 165799 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 4706 लोगों की मौत हो चुकी है।

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप भारत में पूरी तरह विकराल रूप ले चुका है। इस महामारी की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। कोरोना से  हर दिन देश में संक्रमितों और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अब तक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 66 हजार के करीब पहुंच चुका है वहीं इस महामारी से अब तक 4700 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
भारत में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 165799 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 4706 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 7,466 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 1 लाख 65 हजार के पार  हो गया है। इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 175 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 4706 हो चुका है। देश में 24 घंटे के दौरान संक्रमितों का यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा उछाल है।
देश में गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है वहीं इस दौरान मृतकों की संख्या में कमी दर्ज की गयी है। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या में पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ोतरी हो रही है और हर दिन रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े आ रहे है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय  द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज हुई है 165799 मामलों में 89987 कोरोना के सक्रिय केस हैं और  71105 ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर ‘अच्छे मूड’ में नहीं हैं PM मोदी : डोनाल्ड ट्रम्प

मंत्रालय के अनुसार कोरोना वायरस देश के 35 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है। वायरस का असर कई राज्यों में अधिक देखने को मिल रहा है। देश में कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित हुआ है और कुल संक्रमण के मामलों में एक तिहाई से अधिक हिस्सा यहीं का है। भारत अब अधिक संक्रमण के आंकड़ों वाले देशों की सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गया है।
बता दें कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के तरफ से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार के तरफ से देश में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये लागू लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई तक के लिए लागू है। देशभर में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
लॉकडाउन 4 देश में 31 मई को खत्म होने वाला है, ऐसे में अटकलें तेज हो रही है कि क्या सरकार इस लॉकडाउन को आगे भी जारी रखेगी या नहीं। इस बीच, गुरुवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी मुख्यमंत्रियों से बात की और राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को 31 मई के बाद बढ़ाए जाने पर उनके विचार जाने। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लॉकडाउन के चौथे चरण की समाप्ति से महज तीन दिन पहले गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों से टेलीफोन पर बातचीत की। 

Desk Team