देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 41,810 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 94 लाख के करीब 93,92,920 पहुंच गयी जबकि राहत की बात यह है कि इस दौरान संक्रमण से निजात पाने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में एक बार फिर से कमी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय को विभिन्न राज्यों से रविवार तक पिछले 24 घंटे में प्राप्त रिपोर्टाें के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों में लगभग 2000 की कमी दर्ज की गयी जिससे यह संख्या घट कर 4,53,956 रह गयी है। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में कमी आने से रिकवरी दर में आंशिक वृद्धि दर्ज की गयी और अब यह 93.68 फीसदी पर आ गयी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 42,298 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद बढ़ कर 88,02,267 हो गयी है। इसी अवधि में 496 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,36,696 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की दर 4.83 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.45 फीसदी पर बनी हुई है।
महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों में 2,006 की और वृद्धि दर्ज की गयी। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ कर अब 87,969 तक पहुंच गयी है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 6,185 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18 लाख के पार 18,08,550 पहुंच गयी है।
इसी अवधि में 4,089 और मरीजों के स्वस्थ होने से इस वायरस से निजात पाने वालों की संख्या 16,72,627 हो गयी है तथा 85 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 46,898 हो गया है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक कमी के साथ 92.48 फीसदी रह गयी जबकि मृत्यु दर महज 1.45 प्रतिशत है।


Download Android App
Download iOS App



