देशभर में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 57,989 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं, जिससे देश की राष्ट्रीय औसत कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 75 प्रतिशत के करीब 74.90 प्रतिशत हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देशभर में 57,989 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं जिससे अब तक संक्रमण काे मात देने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 22,80,566 हो गयी है।
देश में कोरोना का कहर पूरे रफ्तार पर है और पिछले 25 दिन के दौरान इस वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 15 लाख से बढ़कर दुगना तीस लाख से अधिक हो गया। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मृतकों की संख्या इसके अनुपात में नहीं बढ़ी और मृत्यु दर कम होने के साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की रिकवरी दर में उल्लेखनीय सुधार आया। स्वास्थ्य मंत्रालय के 29 जुलाई के आंकड़ों के मुताबिक देश में 15 लाख 31 हजार 669 लोग कोरोना से संक्रमित और 34,193 लोगों की मौत हुई थी।
नौ लाख 88 हजार 29 संक्रमित ठीक भी हुए थे और पांच लाख 9 हजार मामले अर्थात 33.26 प्रतिशत सक्रिय मामले और रिकवरी दर 64.50 प्रतिशत थी। मृत्यु दर 2.23 प्रतिशत थी। मंत्रालय ने आज कहा कि संक्रमण के कुल सक्रिय मामलों तथा अब तक संक्रमणमुक्त हुए व्यक्तियों के बीच का फासला बढ़कर 15,72,898 हो गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 69,239 नये मामले सामने आने से अब तक संक्रमण के शिकार हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 30,44,940 हो गयी है।
हालांकि, 22 अगस्त को 57,989 संक्रमितों के रोगमुक्त होने और 912 मरीजों की मौत से संक्रमण के सक्रिय मामलों में 10,338 की तेजी आयी है। देश भर में इस समय कोरोना संक्रमण के 7,07,668 सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र में 22 अगस्त को सबसे अधिक कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में 9,241 कोरोना संक्रमित रोगमुक्त हुए हैं। इसके अलावा आंध्रप्रदेश में 8,593, कर्नाटक में 7,626,तमिलनाडु में 5,603, उत्तर प्रदेश में 4,638, बिहार में 3,306,पश्चिम बंगाल में 3,088, असम में 2,045, तेलंगाना में 1,851 स्वस्थ हुए हैं।
ओडिशा में 1,773, राजस्थान में 1,648, केरल में 1,292, दिल्ली में 1,230, गुजरात में 976, मध्य प्रदेश में 872, हरियाणा में 600, जम्मू कश्मीर में 593, गोवा में 479, पंजाब में 409, छत्तीसगढ़ में 372, उत्तराखंड में 345, मणिपुर में 194, झारखंड में 135, त्रिपुरा में 121, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 109, हिमाचल प्रदेश में 107 और अरुणाचल प्रदेश में 103, कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। शेष राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में 100 से कम संख्या में कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



