भारत और चीन पूर्वी लद्दाख के पैंगोंग सो इलाके से चीनी सैनिकों की वापसी का तरीका तय करने के लिए आज कमांडर स्तर की बातचीत होगी । यह वार्ता एलएसी के उस तरफ मोलडो में होनी है। मिली जानकारी के मुताबिक यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होनी है। वहीं बैठक में भारत चीन को फिंगर एरिया से पूरी तरह पीछे हटाने की कोशिश करेगा।
बता दें कि इससे पहले सरकारी सूत्रों ने इस आशय की जानकारी दी। क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लक्ष्य से पूर्वी लद्दाख में संघर्ष वाली जगह से सेनाओं की वापसी को लेकर अभी तक दोनों देशों की सेनाओं के शीर्ष सैन्य कमांडरों के बीच चार चरण की वार्ता हो चुकी है।
सूत्रों ने बताया कि सैन्य और राजनयिक स्तर पर फिलहाल चल रही वार्ता के परिणामस्वरूप पूर्वी लद्दाख के गश्ती बिन्दु 14, 15 और 17ए से सेनाएं पूरी तरह अपनी-अपनी जगह लौट चुकी हैं। सूत्र ने बताया, ‘‘पैंगोंग सो वाले इलाके से सेनाओं की पूर्ण वापसी का तरीका तय करने के लिए अगले सप्ताह सेना के शीर्ष कमांडरों की बैठक होने की संभावना है।’’
घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि गलवान घाटी और कुछ अन्य स्थानों, जहां संघर्ष हुआ था, से चीन की सेना वापस जा चुकी है, लेकिन पैंगोंग सो इलाके में फिंगर पांच से फिंगर आठ तक के क्षेत्र से चीनी सैनिकों की वापस उस तरह से नहीं हो रही है, जैसा कि भारत ने मांग की थी।


Download Android App
Download iOS App



