नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में आनंद पर्वत थाना पुलिस ने वजहें चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आनंद पर्वत निवासी 36 वर्षीय सुभाष सिंह उर्फ ‘मेंटल’ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की दो गाड़ियां बरामद की हैं। आरोपी आनंद पर्वत थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को आनंद पर्वत थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रोहित को सूचना मिली कि नेहरू नगर स्थित रामलीला मैदान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि नियमित गश्त पर तैनात कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल ओम प्रकाश ने पहले ही संदिग्ध व्यक्ति को रोक लिया था।
पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन दोनों पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान जब मोटरसाइकिल की जांच की गई तो पता चला कि वह सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी और इस संबंध में पहले से मामला दर्ज था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से लगातार पूछताछ की। इस दौरान उसने सराय रोहिल्ला इलाके से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसने यह भी बताया कि उसने एक और चोरी का स्कूटर रामलीला मैदान के पीछे स्थित मंदिर के पास छिपाकर रखा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से एक सफेद होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किया। जांच में यह स्कूटर भी मोती नगर थाना क्षेत्र से चोरी किया गया निकला।
पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों की बरामदगी के साथ मोटर वाहन चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया है। आरोपी से यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं और उसने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
इस पूरी कार्रवाई को आनंद पर्वत थाना पुलिस की टीम ने थाना प्रभारी के निर्देशन और पटेल नगर के सहायक पुलिस आयुक्त की निगरानी में अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमित गश्त, सूचना पर तुरंत कार्रवाई और पुलिसकर्मियों की सतर्कता के कारण आरोपी को पकड़ना और चोरी के दोनों वाहन बरामद करना संभव हो सका। मामले में आगे की जांच जारी है।
–आईएएनएस
एसएचके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



