दिल्ली पुलिस ने चोरी के आरोप में चार नाबालिगों को किया गिरफ्तार

Summary :

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण जिला पुलिस ने भाटी माइंस इलाके में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार नाबालिग को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने दो युवकों से मारपीट कर नकदी लूट ली थी। सभी आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 9 मार्च को सुबह लगभग 10 बजे डी-ब्लॉक गली, संजय कॉलोनी, भाटी माइंस के पास हुई थी। शिकायतकर्ता नूर आलम (23), जो कबाड़ी का काम करता है और सी-86, संजय कॉलोनी का निवासी है, वह अपने काम से जा रहा…

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण जिला पुलिस ने भाटी माइंस इलाके में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार नाबालिग को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने दो युवकों से मारपीट कर नकदी लूट ली थी। सभी आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 9 मार्च को सुबह लगभग 10 बजे डी-ब्लॉक गली, संजय कॉलोनी, भाटी माइंस के पास हुई थी। शिकायतकर्ता नूर आलम (23), जो कबाड़ी का काम करता है और सी-86, संजय कॉलोनी का निवासी है, वह अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान विक्की नामक युवक ने अपने भाई दीपक और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने नूर आलम से 50 रुपए देने की मांग की। जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान नूर आलम का दोस्त फैजल बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने नूर आलम से लगभग 12,000 रुपए और फैजल से 2,000 रुपए लूट लिए। किसी तरह दोनों पीड़ित मौके से बचकर निकलने में सफल रहे और उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस स्टेशन मैदान गढ़ी में 10 मार्च को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीपी भाटी माइंस के प्रभारी एसआई कमल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई धर्मवीर सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल, हेड कांस्टेबल राकेश, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल राजवीर शामिल थे। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में जानकारी जुटानी शुरू की और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।

पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते चारों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी संजय कॉलोनी, नई दिल्ली के निवासी हैं। उन्होंने पैसे की लालच में इस घटना को अंजाम दिया था।

दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है। इस सराहनीय कार्य के लिए ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम के सदस्यों को पुरस्कृत भी किया जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.