दिल्ली : राहुल गांधी ने प्रवासी मजदूरों से की मुलाकात, फुटपाथ पर बैठकर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली

Summary :

राहुल गांधी ने शाम के समय सुखेदव विहार इलाके के फ्लाईआवेर के निकट मजदूरों से मुलाकात की और उनसे करीब एक घंटे तक बातचीत की। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी की श्रमिकों के साथ बातचीत के दौरान सामाजिक दूरी का खयाल रखा गया था

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली में प्रवासी श्रमिकों से मुलाकात करके उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक गांधी ने शाम के समय सुखेदव विहार इलाके के फ्लाईआवेर के निकट मजदूरों से मुलाकात की और उनसे करीब एक घंटे तक बातचीत की।  सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी की श्रमिकों के साथ बातचीत के दौरान सामाजिक दूरी का खयाल रखा गया था।
कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी ने जिन श्रमिकों से मुलाकात की उनको पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा, ‘‘सरकार को इस बात का डर है कि कहीं प्रवासी श्रमिक अपने घर जाकर लोगों से उसकी सच्चाई न बताएं। हमारा कहना है कि झूठ को जितना दबाया जाएगा वो बाहर आएगा।’’

प्रवासी मजदूरों से राहुल गांधी ने फुटपाथ पर बैठकर मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानी। साथ ही राहुल गांधी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समेटी और भारतीय युवा कांग्रेस से राजधानी दिल्ली में फंसे प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी की व्यवस्था करने को कहा है। राहुल गांधी की मजदूरों के साथ इस मुलाकात पर कांग्रेस ने ट्विट कर कहा, लोगों के दर्द को केवल वहीं नेता समझ सकते हैं जो उनका ध्यान रखते हैं। साथ ही पार्टी ने मजदूरों के साथ बातचीत की तस्वीरें भी साझा की।

Desk Team