देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में आज सुबह बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है और आज पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है
आइए जानते हैं, आपके शहर में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया है और देर रात हुई झमाझम बारिश के बाद लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- 21 जुलाई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- 22 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
असम में भारी बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट
असम में अगले पांच दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान लगाया है और कुछ जगहों पर भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बता दें कि जोरहाट, शिवसागर, सोनितपुर, कोकराझार, बिस्वनाथ और नागांव जिलों के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में 21 जुलाई को भारी से तेज भारी बारिश के लिए जारी रेड अलर्ट को बढ़ा दिया है और कई जिलों में नदियां उफान पर है। 23 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है, जिसमें अगले दो दिनों में सबसे तेज बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए 21 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया है। ऊना, हमीरपुर, कुल्लू और सोलन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल और स्पीति के लिए येलो अलर्ट लागू है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। कई जगह नदियां उफान पर आ गई है जिससे बाढ़ की हालात बनी हुई है। मौसम विभाग ने 20 से 23 जुलाई 2026 तक जम्मू में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इल दौरान अनंतनाग, शोपियां, जम्मू, कुपवाड़ा, श्रीनगर, कुलगाम, बडगाम, रामबन, कठुआ , रामबन में भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान लगाया गया है। साथ ही लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।


Download Android App
Download iOS App




