लखनऊ, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने पार्टी के ‘डेमोक्रेसी मार्च’ को लेकर कहा कि यह मार्च देश के लोकतंत्र और नागरिकों के वोट के अधिकार की रक्षा के संकल्प के तहत निकाला जा रहा है। उन्होंने एसआईआर को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों का जिक्र करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इसके साथ ही, उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की महात्मा गांधी और कांग्रेस को लेकर की गई टिप्पणी पर जवाब दिया और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि 1947 में देश की आजादी के बाद 1951 में लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित हुई और लोकतंत्र की बुनियाद प्रत्येक नागरिक को सम्मान और मतदान का अधिकार देना था। संविधान निर्माण के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भी इसी भावना के अनुरूप लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव रखी।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि राहुल गांधी एसआईआर के जरिए बड़े पैमाने पर वोट चोरी का आरोप लगाते रहे हैं। अब इस मुद्दे को लेकर देश में व्यापक चर्चा हो रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के सदस्यों के बीच मतभेद सामने आने के बाद इस संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा बढ़ी है। कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष से जुड़ा रहा है। जिस तरह स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश की आजादी के लिए संघर्ष किया गया था, उसी तरह अब लोकतंत्र की रक्षा के लिए मार्च निकाला जा रहा है। कांग्रेस का संकल्प प्रत्येक नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा करना है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की महात्मा गांधी और कांग्रेस को लेकर की गई टिप्पणी पर आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि केंद्रीय मंत्री ने यह बात किस किताब में पढ़ी है। लेकिन, मैं एक बात जानती हूं। मैंने और इस देश के ज्यादातर लोगों ने पढ़ा होगा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने कहा था कि आरएसएस जैसे संगठन को जो देश के लिए खतरा है, उनको भंग कर देना चाहिए, उनको समाप्त कर देना चाहिए।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच संभावित सीट-शेयरिंग को लेकर भाजपा की आलोचना पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस और सपा की तैयारियों की चिंता करने के बजाय पहले अपनी पार्टी के अंदर चल रही कथित अंतरकलह को देखना चाहिए। भाजपा के कई सांसद और विधायक अपनी ही पार्टी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। भाजपा को पहले इन मुद्दों को सुलझाने पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र, हर जिले और हर लोकसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने पर काम कर रही है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी कर रही है और इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



