पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के मध्य चल रही बयानबाजी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा है कि नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) देश की अर्थव्यवस्था में ‘गेम चेंजर’ साबित होंगे।
चौहान ने आज यहां जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी जैसे दो आर्थिक सुधार कर विश्व में प्रशंसा पायी है। इन सुधारों के साथ ही कुछ अवरोध आने के बारे में पहले ही संकेत दिया गया था, लेकिन इनका बहुआयामी सुखद परिणाम मिलने जा रहा है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश की आर्थिक विकास दर नौ प्रतिशत पार कर चुकी थी, लेकिन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गयी। 2014 में विरासत में मिली सुस्त अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाकर मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री जेटली ने मुद्रा स्फीति पर लगाम लगायी।
चौहान ने कहा कि अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाकर विश्व के आर्थिक पटल पर उसका लोहा मनवाने का श्रेय जेटली को जाता है। उन्होंने कहा कि आज विदेशी निवेश बढ़ा है। मुद्रा का रिजर्व भंडार शीर्ष पर है। विश्व में इससे बड़ी मान्यता क्या हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App






