अपने बयान से मुश्किलों में फंसे डिप्टी CM जगदीश देवड़ा, सेना को लेकर कहा…

Summary :

सेना पर बयान से घिरे जगदीश देवड़ा, विपक्ष ने की माफी की मांग

मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का सेना को लेकर दिया गया बयान विवादों में आ गया है। जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश और सेना प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक है, जिससे विपक्ष और रक्षा विशेषज्ञों ने नाराजगी जताई है।

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का सेना को लेकर दिया गया एक बयान विवादों में आ गया है. जबलपुर में हुए सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उनके बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए देवड़ा ने कहा कि हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा था. उन्होंने कहा कि जो टूरिस्ट वहां घूमने गए थे, उन्हें धर्म पूछकर मारा गया, और महिलाओं के सामने उनके पतियों को गोली मारी गई.

क्या बोले डिप्टी सीएम?

डिप्टी सीएम ने कहा, ‘हम तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे जब तक आतंकवादियों और उन्हें समर्थन देने वालों को पूरी तरह से खत्म नहीं कर देते. प्रधानमंत्री मोदी ने जो फैसला लिया और जिस तरह से जवाब दिया, वह सराहनीय है.’ इसी बीच उन्होंने कहा, “पूरा देश और देश की सेना प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक है.’ यही बात अब विवाद का कारण बन गई है.’

बयान पर क्यों उठे सवाल?

देवड़ा के इस बयान को लेकर विपक्ष और कई रक्षा विशेषज्ञों ने नाराजगी जताई है. आलोचकों का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए सेना के योगदान को कमतर बताया, जो कि हमारे जवानों के बलिदान और बहादुरी का अपमान है.

विपक्ष ने खड़े किए सवाल?

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने देवड़ा से सार्वजनिक माफी की मांग की है. उन्होंने राज्यपाल से भी शिकायत की है और इसे राष्ट्र की सुरक्षा भावना के खिलाफ बताया है. वहीं, बीजेपी नेताओं का कहना है कि डिप्टी सीएम के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उनका मकसद प्रधानमंत्री के साहसिक निर्णय की सराहना करना था, न कि सेना का अपमान.

मुख्यमंत्री मोहन यादव का पलटवार, कांग्रेस पहले सिद्धारमैया से मांग ले इस्तीफा

बीजेपी की बढ़ी मुश्किलें

यह पहली बार नहीं है जब किसी बीजेपी नेता का बयान विवादों में आया हो. इससे पहले मंत्री विजय शाह भी विवादास्पद बयान के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं. अब देवड़ा के इस बयान ने पार्टी की राजनीतिक मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।